अलीगढ़-सी.ए.ए उपद्रव में गिरफ्तारियां शुरू, भाजपा नेता विनय आधी रात को भेजे गए जेल


अलीगढ/बीते 23 फरवरी को नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में अलीगढ़ के ऊपरकोट में उपद्रव के दौरान बाबरी मंडी में सांप्रदायिक टकराव में घायल मोहम्मद तारिक के वेंटिलेटर पर आने के बाद शहर के माहौल में अचानक सुगबुगाहट बढ़ गई। अबतक बेहद नर्मी से पेश आ रही पुलिस प्रशासन में भी सख्ती नजर आने लगी है।इसी कड़ी में पुलिस ने गिरफ्तारियां शुरू करते हुए गोली मारने के आरोपी भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय को बुधवार आधी रात को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद ही रात करीब दो बजे विनय को जेल भेज दिया गया। इसके बाद से ही शहर के राजनीतिक हलकों में सरगर्मी और बढ़ गई है। दूसरी ओर जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में भर्ती तारीख की तबीयत को लेकर भी शहर में कई तरह की बातें होने लगीं। जब यह खबर फैली कि उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तारीख को वेंटिलेटर पर रखा गया है तो चर्चाओं ने और भी जोर पकड़ लिया। विनय वार्ष्णेय की गिरफ्तारी की खबर से गुरुवार सुबह शहर का माहौल और भी गंभीर हो गया। अब भाजपा के स्थानीय नेता और वार्ष्णेय समाज के संगठन अलग-अलग स्थानों पर बैठक कर आगे की रणनीति पर विचार कर रहे हैं। इसके साथ ही प्रशासन भी हर तरह की स्थिति से निपटने के प्रबंध करने में जुटा हुआ है। बता दें कि विनय की नामजदगी के बाद से ही उसके समर्थन में लोग आ रहे थे और नामजदगी का विरोध कर रहे थे। वहीं तारिक का परिवार लगातार विनय की गिरफ्तारी की बात कर रहा था। इसके अलावा पुलिस ने उपद्रव मामले में अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया है।


टिप्पणियाँ

Popular Post