दिल्ली में हांड़ कपाती ठंड ने तोड़ा 119 साल का रिकॉर्ड

 



नई दिल्ली/ दिल्ली में ठंड ने 119 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को 119 साल का सबसे ठंडा दिन रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को दोपहर 2.30 बजे सफदरजंग में दिन का तापमान 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिल्ली में सोमवार का न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली के सफदरजंग का तापमान सामान्य से 4 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया है। जबकि दिल्ली का सबसे कम तापमान लोधी रोड पर सामान्य से 5 डिग्री कम 2.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। दिल्ली में सुबह घने कोहरे के छाए रहने से रेल और विमान सेवा पर भी असर पड़ा है। न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, कम से कम 30 ट्रेनें देरी से चल रही हैं। वहीं, दिल्ली एयरपोर्ट से तीन फ्लाइट्स को डायवर्ट किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 5.30 बजे दिल्ली में पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को अधिकतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। इसके अलावा सोमवार को एक्यूआई लेवल दिल्ली में सुबह 6.40 पर 449 दर्ज किया गया।मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली.राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में एक जनवरी से तीन जनवरी तक रात में हल्की बारिश की संभावना है और दो जनवरी को ओले भी पड़ सकते हैं। एक सरकारी बयान के अनुसार हरियाणा में कुछ स्थानों पर तापमान शून्य डिग्री सेल्सियस के आसपास है और राज्य सरकार ने 30 तथा 31 दिसंबर को स्कूल बंद रखने का फैसला किया है।


टिप्पणियाँ

Popular Post