जनजाति के लोग कर रहे हैं देश की रक्षा : रावत

 


 




देहरादून।  नीती माणा घाटी समिति ने धूमधाम से अपना 17वाँ वार्षिकोत्सव मनाया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में भोटिया जनजाति के नहें मुन्ने बच्चों ने लोक गीतों पर मनमोहक प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मुख्य अथिति के तौर पर शिरकत की। उन्होंने कहा कि जनजाति के लोग सीमांत क्षेत्रों में रह कर देश और प्रदेश की रक्षा कर रहे हैं। साथ ही इस मौके पर उन्होंने सरकार की ओर से प्रदेश भर में शिक्षा के लिए किए जा रहे कार्यों को विस्तार से बताया। समिति को आश्वासन देते हुए मंत्री रावत ने कहा कि सरकार की ओर से हर संभव मदद की जाएगी। इस अवसर पर समिति की वार्षिक पत्रिका संजीवनी का विमोचन किया गया। रविवार को रिंग रोड स्थित एक होटल में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम का गणेश वंदना के साथ शुभारंभ किया गया। जिसके बाद समुदाय की महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक वेशभूषा में मनमोहक प्रस्तुति दी। समिति के महासचिव दीवान सिंह खाती ने बताया की यह समिति चमोली जिले के सीमांत क्षेत्र नीती माणा घाटी के भोटिया जनजाती की संस्था है। जिसका गठन साल 1994 में हुआ था। जिसके बाद से समिति विभिन्न सामाजिक कार्यों में बढ़चढ़ कर हिस्सा लेती है। वहीं समिति के अध्यक्ष मान सिंह राणा ने बताया कि सरकार की ओर से सहस्त्रधारा के चलांग गांव में आवंटित भूमि में जल्द भवन का निर्माण किया जाएगा। जिसमें आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए छात्रावास, अतिथि गृह, पुस्तकालय और सांस्कृतिक भवन बनाया जाएगा। जिससे समुदाय के हर वर्ग का समानता से विकास हो सके। सीमांत क्षेत्र कागा गरपक गांव के प्रधान पुष्कर सिंह राणा ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन से आने वाली पीढ़ी को अपनी संस्कृति व सभ्यता के प्रति जागरुक किया जा सकता है। इस अवसर पर उत्तराखंड जनजाति सलाहकार परिषद के राम कृष्ण सिंह रावत, बद्रीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट, समिति के उपाध्यक्ष विजय सिंह रावत, सचिव भरत सिंह राणा, कोषाध्यक्ष बचन सिंह रावत, सांस्कृतिक सचिव (पुरुष) कुशल सिंह बड़वाल, सांस्कृतिक सचिव (महिला) रजनी राणा, संप्रेक्षक राजेंद्र सिंह मोलफा, मुरली सिंह रावत, दरवान सिंह राणा, रघुवीर सिंह राणा समेत समुदाय के सैंकड़ों लोग मौजूद रहे।


टिप्पणियाँ

Popular Post