राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने किया राजा भगीरथ की प्रतिमा का अनावरण
देहरादून : राजभवन में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगीरथ उद्यान का उद्घाटन किया। इस मौके पर दोनों ने महान राजा भगीरथ की भव्य प्रतिमा का अनावरण भी किया। लगभग 10 फीट ऊंची इस प्रतिमा को 8 फीट ऊंचे ग्रेनाइट चबूतरे पर स्थापित किया गया है। इसे हरिद्वार के प्रख्यात कलाकार शिवम चौरसिया ने फाइबर और रेजिन से निर्मित किया है। प्रतिमा के आसपास विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया है, जिससे उद्यान हरियाली और आध्यात्मिकता का संदेश देता है।
कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा कि यह प्रतिमा मात्र एक स्मारक नहीं, बल्कि एक जीवंत प्रेरणा-स्तंभ है। यहाँ नक्षत्र, प्रकृति, मंदिर और पर्वत मिलकर उस दिव्य संकल्प का संदेश देते हैं कि जब ध्येय लोक कल्याण हो तो देवत्व और प्रकृति स्वयं मार्ग प्रशस्त करते हैं। उन्होंने उद्यान निर्माण में लगे अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना की।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह प्रतिमा राजभवन आने वाले नागरिकों और अतिथियों को कर्तव्यनिष्ठा, लोककल्याण और भारतीय संस्कृति का संदेश देती रहेगी। यह हमें सदा स्मरण कराएगी कि "भगीरथ प्रयत्न" ही महान लक्ष्यों की प्राप्ति का मार्ग है।
उद्घाटन से पहले राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने राजभवन स्थित राजप्रज्ञेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर सचिव राज्यपाल रविनाथ रामन, विधि परामर्शी कौशल कुमार किशोर, अपर सचिव रीना जोशी, अपर सचिव मुख्यमंत्री बंशीधर तिवारी, अपर सचिव लो.नि.वि. विनीत कुमार, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रतिकुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, उत्तराखण्ड संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिनेश चन्द्र शास्त्री, वित्त नियंत्रक डॉ. तृप्ति श्रीवास्तव, सहायक अभियंता लो.नि.वि. विजय धस्माना, उद्यान अधिकारी दीपक पुरोहित समेत अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ