गणतंत्र दिवस: परेड के लिए उत्तराखंड की झांकी का हुआ चयन, केदारखंड की दिखेगी झलक



गणतंत्र दिवस के मौके पर नई दिल्ली में राजपथ पर होने वाली परेड के लिए उत्तराखंड की झांकी का भी चयन किया गया है। राजपथ पर केदारखंड की झलक दिखेगी, जिसमें राज्य पुष्प, पशु और पक्षी एक साथ नजर आएंगे। रक्षा मंत्रालय में झांकी के चयन के लिए छह दौर की मंत्रणा हुई, जिसमें उत्तराखंड की झांकी जगह बनाने में कामयाब रही। महानिदेशक सूचना डॉ.मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया कि मंत्रालय ने इसके आदेश कर दिए हैं। इस बार राज्य की तरफ झांकी का विषय ‘केदारखंड’ रखा गया है।

झांकी के आगे के हिस्से में राज्य पशु कस्तूरी मृग, राज्य पक्षी मोनाल और राज्य पुष्प ब्रह्मकमल दिखेंगे। पिछले हिस्से में केदारनाथ मंदिर परिसर और श्रद्धालुओं को दर्शाया गया है। मंत्रालय के अफसरों के समक्ष उपनिदेशक केएस चौहान ने झांकी की थीम, डिजाइन मॉडल व संगीत आदि का प्रस्तुतिकरण दिया, जिसके बाद गणतंत्र दिवस परेड के लिए झांकी का चयन किया गया। विदित है कि परेड में झांकी के चयन की प्रक्रिया काफी जटिल होती है। इस वर्ष 32 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने इस प्रक्रिया में हिस्सा लिया, लेकिन 17 राज्यों की झांकियों का चयन हो पाया।

उत्तराखंड का जलवा
उत्तराखंड की कई झांकियां राजपथ पर अपना लोहा मनवा चुकी हैं। उत्तराखंड इससे पूर्व वर्ष 2003 में फुलदेई, 2005 में नंदा राजजात, 2007 में कार्बेट नेशनल पार्क, 2009 में साहसिक पर्यटन, 2010 में कुंभ मेला हरिद्वार, 2014 में जड़ी-बूटी, 2015 में केदारनाथ, 2016 में रम्माण, 2018 में ग्रामीण पर्यटन और 2019 में अनाशक्ति आश्रम (कौसानी प्रवास एवं अनाशक्ति) विषयों पर झांकियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुका है। 

Sources:Hindustan Samachar

टिप्पणियाँ