समय पर नहीं आई नौकरानी तो पूर्व सूचना अधिकारी ने गोली मारकर कर दी हत्‍या



नौकरानी समय पर काम करने नहीं पहुंची तो रिटायर्ड सूचना अधिकारी उसके घर पहुंच गया। वहां व‍िवाद बढ़ने पर वह घर से तमंचा लेकर गया। इसके बाद गोली मारकर उसकी हत्‍या कर दी। पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है।




 


रामपुर /  स्वार के गद्दी नंगली गांव में बरेली से रिटायर्ड हुए सूचना अधिकारी ने नौकरानी की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।


सोमपाल सिंह तीन साल पहले ही बरेली में सूचना विभाग से रिटायर हुआ था। इसके बाद वह अपने गांव में आकर रहने लगा। पत्नी से भी विवाद हो गया। इस पर वह अपने बेटे के साथ मायके चली गई। इसके बाद उसके घर में कामकाज के लिए गांव की हुरवती आने लगी। उसका पति जगरेस द‍िव्‍यांग है, उसके तीन छोटे बच्चे हैं। शनिवार की सुबह नौ बजे तक वह काम करने के लिए सोमपाल सिंह के घर नहीं पहुंची तो सोमपाल उसे लेने के लिए उसके घर पहुंच गया। इस पर उसने कुछ देर में आने की बात कही। इसी बात पर विवाद हो गया। इसके बाद सोमपाल अपने घर चला गया और वहां से देसी तमंचा लेकर आ गया। गालियां देने लगा और अपने दो हजार रपये वापस मांगे। इस पर हुरवती ने मना कर दिया । इसी बात पर उसने तमंचे से उसे गोली मार दी। फायर की आवाज सुनकर आसपास के तमाम लोग आ गए और घायल को इलाज के लिए ले जाने लगे, लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद सोमपाल सिंह अपने घर भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और उसने सोमपाल को तमंचा समेत पकड़ लिया। घटना की जानकारी मिलने पर अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बारे में ग्रामीणों से जानकारी ली। एसपी ने बताया कि सोमपाल सिंह बरेली में सूचना अधिकारी था। तीन साल पहले ही रिटायर हुआ था। वह अकेले रहता था। नौकरानी से काम को लेकर विवाद हो गया। इसी पर उसने गोली मारकर हत्या कर दी। उसे तमंचे समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। 


 


Sources:जेएनएन



टिप्पणियाँ

Popular Post