उत्तराखंड में पेयजल विभाग में भरे जाएंगे 221 अभियंताओं के पद

 


 



देहरादून/ पेयजल विभाग में बड़ी संख्या में रिक्त चल रहे पदों के कारण प्रदेश सरकार के साथ ही केंद्र सहायतित योजनाएं भी प्रभावित हो रही हैं। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के इस पर नाराजगी जताने के बाद पेयजल विभाग भर्ती प्रक्रिया में तेजी ला रहा है। विभाग में 221 कनिष्ठ अभियंताओं के पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया संपन्न कराने को अधियाचन अधीनस्थ चयन सेवा आयोग को भेजा जा चुका है। अन्य पदों पर भी कार्रवाई तेज करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। उत्तराखंड में इस समय केंद्र सरकार द्वारा विभिन्न फ्लैगशिप योजनाएं चलाई जा रही हैं। इसके साथ ही विश्व बैंक और एडीबी भी कुछ योजनाएं चला रहा है। ये सभी योजनाएं समयबद्ध तरीके से पूरी की जानी हैं। इन योजनाओं को पूरा करने के लिए केंद्र ने सभी में अलग.अलग विंग बनाने की अपेक्षा की है। इसके अलावा प्रदेश सरकार की अपनी पेयजल योजनाएं भी हैं। विभाग में कार्मिकों की कमी के कारण ये योजनाएं तेजी से संचालित नहीं हो पा रही हैं। कुछ समय पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की अध्यक्षता में विभागीय रिक्त पदों के संबंध में एक बैठक हुई थी। इसमें मुख्यमंत्री ने विभाग में बड़ी संख्या में पद रिक्त होने पर नाराजगी जताई थी।उन्होंने प्रदेश की भौगोलिक स्थिति के मद्देनजर कार्मिकों की कमी से होने वाली कठिनाइयों पर भी चिंता जताई थी। इस दौरान उन्होंने अभियंत्रण के एक समान पदों यानी सिविल, विद्युत व यांत्रिकी आदि पर एक साथ विज्ञापन जारी करते हुए इनमें भर्ती कराने के निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के इन निर्देशों के बाद विभाग में भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जा रही है।सचिव पेयजल अरविंद सिंह ह्यांकी ने कहा कि रिक्त पदों पर भर्ती के लिए कुछ अधियाचन भेजे जा चुके हैं और कुछ भेजे जा रहे हैं। विभाग जल्द से जल्द रिक्त पदों को भरने के लिए प्रयासरत है।


टिप्पणियाँ

Popular Post