गोमती नदी तट पर हो रहे निर्माण कार्य को जाकर रूकवाया तथा सम्बन्धितों को नोटिस जारी।

 


 




सुलतानपुर , गोमती नदी के दोनों तटों पर सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण किया जा चुका है व किया जा रहा है की शिकायत मिलने पर जिलाधिकारी सी0 इन्दुमती ने प्रकरण को संज्ञान में लेते हुए अफीम कोठी के निकट श्री रामनगर मोहल्ले में हो रहे अवैध निर्माण का जायजा लेने अमले के साथ पहुंची। स्थलीय निरीक्षण कर जिलाधिकारी यह देखकर आश्चर्य चकित रह गयी कि गोमती के तट पर भारी संख्या में अवैध निर्माण स्वरूप भवन व काम्पलेक्स बना लिये गये हैं। कई जगह निर्माण कार्य संचालित होता पाया गया। जिलाधिकारी ने निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रूकवा दिया तथा  भारी नाराजगी प्रकट करते हुए शिथिलता एवं लापरवाही बरतने पर दो लेखपालों राम मिलन मिश्र व चकबन्दी लेखपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। इसी के साथ ही अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका, जे0ई0 विनियमित क्षेत्र, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार सदर को कारण बताओं नोटिस जारी किया गया। जिलाधिकारी ने संचालित निर्माण कार्य को रूकवाने के साथ ही छतरहित निर्माण कार्य को गिराने तथा छत सहित निर्माण कार्य के प्रति सम्बन्धितों को नोटिस जारी करने के निर्देश उप जिलाधिकारी सदर को दिये। जिलाधिकारी ने कहा कि गोमती नदी के दो सौ मीटर के किनारे तक एनजीटी के अनुसार कोई भी निर्माण कार्य प्रतिबन्धित है। इसी के साथ ही सरकारी अथवा नूजूल भूमि पर निर्माण कार्य भी प्रतिबन्धित है। इसमें जिस किसी की भी संलिप्तता पाई गयी, उसको किसी भी दशा में बक्शा नही जायेगा। उन्होंने कहा कि आज के बाद यदि एक भी ईट अवैध निर्माण की रखी गयी, तो सम्बन्धित के साथ ही राजस्व, नगर पालिका व चकबन्दी विभाग के अधिकारियों/कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही अमल में लायी जायेगी। 
        इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी(वि0/रा0) उमाकान्त त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर रामजी लाल, तहसीलदार सदर पीयूष, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी आदि उपस्थित रहे।


टिप्पणियाँ

Popular Post