पुलिस के लिए परेशानी  भरे रहेंगे साल के अंतिम पांच दिन 

 


 



देहरादून/  पुलिस के लिए बीत रहे 2019 के आखिरी पांच दिन टेंशन भरे होंगे। सी.ए.ए. के विरोध में शुक्रवार को मुस्लिमों के रोजा रखने के साथ इसकी शुरुआत होगी। अगले दो दिन सी.ए.ए. के विरोध और समर्थन के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखना किसी चुनौती से कम नहीं होगा। इसके बाद नए साल के जश्न के नाम पर होने वाले हुड़दंग को रोकना होगा। इसी कड़ी में पुलिस महानिदेशक अनिल रतूड़ी ने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियाें की समीक्षा की। उन्हाेंने कहा कि शांति व्यवस्था भंग करने वालों से सख्ती से निपटा जाए। पुलिस महानिदेशक अनिल कुमार रतूड़ी ने प्रदेशभर की कानून व्यवस्था की समीक्षा करने के साथ शुक्रवार को अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। बताया गया कि शुक्रवार को सी.ए.ए. के विरोध में मुस्लिमाें से रोजा रखने का अनुरोध किया गया है। 28 दिसंबर को सी.ए.ए. के विरोध में कांग्रेस शहर में विरोध रैली निकालेगी। 29 दिसंबर को हिंदू संगठनाें की तरफ से सी.ए.ए. के समर्थन में रैली प्रस्तावित है। डीजीपी रतूड़ी ने कहा कि लोकतंत्र में हर किसी को अपनी बात कहने का अधिकार है। आयोजकाें को यह बता दिया कि जाए कि विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होना चाहिए। यदि किसी तरह का उपद्रव करने की हिमाकत की तो उस पर सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्हाेंने एस.एस.पी. को एहतियात के तौर पर जो भी जरूरी हो कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। संदिग्धों पर नजर रखने को सादी वर्दी में पुलिसकर्मियाें की तैनाती की जाए।नए साल के स्वागत पर होने वाले कार्यक्रमों पर सतर्क दृष्टि रखी जाए। शीतकालीन अवकाश होने के कारण मसूरी में काफी संख्या में सैलानी आएंगे। इस लिहाज से यातायात व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए। बैठक में डीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार, आईजी कानून व्यवस्था एपी अंशुमान, आईजी गढ़वाल अजय रौतेला, एसएसपी अरुण मोहन जोशी, एसपी सिटी श्वेता चौबे आदि मौजूद रहीं। 


टिप्पणियाँ

Popular Post