पीएम मोदी के जन्मदिवस से शुरू होगा राज्यव्यापी ब्लड डोनेशन अभियान
देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य सेवक सदन में स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित उत्तराखंड चिकित्सा स्वास्थ्य सशक्तिकरण अभियान में भाग लेते हुए 220 नव नियुक्त चिकित्सा अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर उन्होंने नवनियुक्त चिकित्सकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह क्षण उनके जीवन का महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने चिकित्सकों को केवल डॉक्टर नहीं बल्कि देवभूमि के आरोग्य प्रहरी बताया और कहा कि उन्हें सस्ती, जनसुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए समर्पित भाव से कार्य करना होगा।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश में अब तक 11 लाख से अधिक मरीजों को 21 करोड़ रुपये से अधिक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा दी जा चुकी है। श्रीनगर में कार्डियो और न्यूरोलॉजी की विशेष सेवाएं तथा हल्द्वानी में कैंसर संबंधी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। आपात स्थिति में हेलीकॉप्टर सेवा भी मरीजों के लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। धराली आपदा के दौरान इसका उदाहरण देखने को मिला।
उन्होंने कहा कि नि:शुल्क स्वास्थ्य जांच, स्वास्थ्य केंद्रों के आधुनिकीकरण, पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति और टेलीमेडिसिन सेवाओं के विस्तार से राज्य में स्वास्थ्य सेवाओं को नया आयाम मिला है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार प्रत्येक जनपद में मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रयास कर रही है ताकि लोगों को गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही मिल सकें।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य विभाग लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। उन्होंने बताया कि 220 में से चार चिकित्सक दिव्यांग कोटे से हैं, जबकि शेष सभी चिकित्सकों को दूरस्थ क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। विभाग जल्द ही और चिकित्सकों, नर्सों और सपोर्टिंग स्टाफ की भी भर्ती करेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक 220 स्थानों पर ब्लड डोनेशन कैंप लगाए जाएंगे और गांव-गांव में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर 25 लाख से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया जाएगा।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में चिकित्सकों और सपोर्टिंग स्टाफ की पर्याप्त उपलब्धता से डॉक्टर भी सेवाएं देने के लिए प्रेरित होंगे। उन्होंने कहा कि आज भी लोग ईश्वर के बाद सबसे अधिक सम्मान चिकित्सकों को देते हैं, इसलिए उन्हें लोगों के विश्वास को और मजबूत करना होगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, विधायक खजान दास, राजकुमार पोरी, सरिता कपूर, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के राज्य स्तरीय उपाध्यक्ष सुरेश भट्ट, सचिव स्वास्थ्य डॉ. आर. राजेश कुमार, महानिदेशक स्वास्थ्य सुनीता टम्टा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, चिकित्सक और अधिकारी मौजूद रहे।
टिप्पणियाँ