आइटीबीपी अकादमी ने पूरे सैन्य सम्मान से मनाया 60वां स्थापना दिवस, लिया देश की आन, बान और शान का संकल्प

 


 मसूरी /   मसूरी स्थित भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल अकादमी में बल का 60वां स्थापना दिवस पूरे सैन्य सम्मान व रीति से मनाया गया। इस मौके पर अकादमी परेड मैदान में आकर्षक वेशभूषा में सुसच्जित बल के सैन्य दस्ते ने आइटीबीपी के ध्वज को सलामी दी और जवानों ने बल की आन, बान और शान तथा देश रक्षा के प्रति अपना संकल्प दोहराया गया।  इस मौके पर अकादमी के उप निदेशक डीआइजी अजय पाल सिंह ने देश को अभेद्य सुरक्षा प्रदान करने वाले आइटीबीपी बल की भूमिका व उपलब्धियों को गिनाते हुए जवानों को अपनी ड्यूटी पूर्ण निष्ठा व समर्पण से निभाने के लिए प्रेरित किया। अजय पाल सिंह ने कहा कि वर्तमान में आइटीबीपी बल भारत चीन सीमा पर लद्दाख के काराकोरम दर्रे से लेकर अरुणाचल प्रदेश के जचेप ला तक फैली देश की विशाल सीमा को सुरक्षा प्रदान कर रही है। सीमा सुरक्षा बल के अलावा आइटीबीपी को देश की आंतरिक सुरक्षा, विशिष्ठ व अतिविशिष्ठ व्यक्तियों की सुरक्षा और संयुक्त राष्ट्र शांति सेना में देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव भी प्राप्त है। इस बल ने मार्शल आर्ट, पर्वतारोहण, राफ्टिंग व स्कीईंग जैसे साहसिक खेलों में भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय कीर्तिमान स्थापित किए हैं।

टिप्पणियाँ

Popular Post