हरक सिंह रावत बोले, सत्याल को बनाओ मंत्री या मुझसे विभाग हटा दो

 


    कर्मकार कल्याण बोर्ड में अध्यक्ष शमशेर सिंह सत्याल के खिलाफ श्रम मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने फिर मोर्चा खोल दिया है। उन्होंने कहा कि या तो सरकार सत्याल को मंत्री बना दे या फिर मुझसे श्रम विभाग हटा दे।उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में अध्यक्ष शमशेर सिंह सत्याल और पूर्व अध्यक्ष एवं श्रम मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत के बीच लगातार विवाद चल रहा है।नेतृत्व परिवर्तन के बाद कुछ दिन मामला शांत रहा, लेकिन बोर्ड अध्यक्ष पद से शमशेर सिंह सत्याल के न हटने पर श्रम मंत्री हरक सिंह रावत फिर नाराज होने लगे हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा है कि उन्होंने पहले पूर्व मुख्यंमत्री त्रिवेंद्र रावत को बोला।इसके बाद मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को भी दो बार बोला। अब नए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भी बोला है। उन्होंने कहा है कि या तो शमशेर सिंह सत्याल को हटाएं। अगर उन्हें लगता है कि वह ज्यादा काबिल हैं तो उन्हें मंत्री पद की शपथ दिला दें, या फिर मुझसे श्रम विभाग की जिम्मेदारी हटा दें।हरक सिंह रावत के इस बयान से निश्चित तौर पर अध्यक्ष पद से सत्याल को अभी तक न हटाने पर उनकी नाराजगी खुलकर सामने आ रही है।


टिप्पणियाँ