हरचंदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं और मंत्री ने लगाए "राहुल गांधी वापस जाओ" के नारे



रायबरेली : कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रायबरेली की हरचंदपुर विधानसभा सीट पर बूथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा के विधानसभा चुनाव परिणामों ने यह स्पष्ट कर दिया है कि वोट चोरी हो रही है। उन्होंने दावा किया कि जनता से उनका हक छीना जा रहा है और कांग्रेस के कार्यकर्ता इस संविधान की रक्षा के लिए बब्बर शेर की तरह लड़ रहे हैं।

इससे पहले, राहुल गांधी बुधवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचे, जहां उनका कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और नेता आराधना मिश्रा मोना ने स्वागत किया। एयरपोर्ट से रायबरेली के लिए रवाना हुए राहुल गांधी का काफिला जिले की सीमा पर पड़ने वाले चुरुवा मंदिर पर नहीं रुका और सीधे हरचंदपुर की ओर बढ़ गया। 10:40 बजे बछरावां कस्बे के मुख्य चौराहे पर पहुंचने पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने बिहार में वोटर अधिकार यात्रा के दौरान दिए गए नारे "वोट चोर गद्दी छोड़" भी लगाए। राहुल गांधी ने एक मिनट से कम समय के लिए कार्यकर्ताओं का अभिवादन स्वीकार किया और रायबरेली मुख्यालय की ओर रवाना हो गए।

राहुल गांधी के दौरे के दौरान राजनीतिक गहमागहमी भी बढ़ गई। प्रदेश सरकार के उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हरचंदपुर में प्राथमिक विद्यालय के पास पोस्टर-बैनर लगाए और "राहुल गांधी वापस जाओ" के नारे लगाए। इसके चलते हाईवे पर खड़े भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की भी हुई।

सांसद राहुल गांधी के दौरे के दौरान शहर में लगे एक पोस्टर ने भी ध्यान खींचा। होर्डिंग पर लिखा गया था, "इंडिया की अंतिम आस, कलयुग के ब्रह्मा, विष्णु, महेश", जो चर्चा का विषय बन गया। 

टिप्पणियाँ