एशियन फेंसिंग कप से उत्तराखंड बना अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का केंद्र

 


हल्द्वानी/देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में एशियाई कैडेट कप फेंसिंग प्रतियोगिता का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में देश-विदेश से आए 250 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें भारत के करीब 150 खिलाड़ी शामिल हैं। तजाकिस्तान, सीरिया, मलेशिया, श्रीलंका, थाईलैंड और इंडोनेशिया जैसे देशों के खिलाड़ी भी इस आयोजन का हिस्सा बने हैं।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खिलाड़ी अपने अनुशासन और परिश्रम से न केवल खेलों में नई ऊंचाइयों को छुएंगे बल्कि समाज के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री खेल विकास निधि, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, उदीयमान खिलाड़ी योजना और खेल किट योजना जैसी योजनाओं पर कार्य कर रही है। साथ ही खेल रत्न पुरस्कार और हिमालय खेल रत्न पुरस्कार के जरिए खिलाड़ियों की प्रतिभा को सम्मानित किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 103 पदक जीतकर पहली बार देश में सातवां स्थान प्राप्त कर इतिहास रचा है। राज्य सरकार 517 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय खेल ढांचा विकसित कर रही है। आने वाले समय में राज्य आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हल्द्वानी में खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज की स्थापना की दिशा में भी काम किया जा रहा है, जिससे उत्तराखंड खेल शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना सके।

धामी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत में फेंसिंग खेल ने हाल के वर्षों में तेजी से लोकप्रियता हासिल की है और भवानी देवी जैसे खिलाड़ियों की उपलब्धियों ने युवाओं को प्रेरित किया है। उन्होंने कहा कि तलवारबाजी की परंपरा भारत में प्राचीन समय से रही है और आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर इस खेल की मेजबानी करना देवभूमि के लिए गर्व का विषय है।

उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार और नई ट्रेनों की मांग भी की जा रही है ताकि खिलाड़ियों और पर्यटकों को बेहतर यातायात सुविधा मिल सके। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पर्यावरण संरक्षण, पौधारोपण और नशा मुक्ति जैसे सामाजिक अभियानों में योगदान देने की भी अपील की।

इससे पहले राष्ट्रीय फेंसिंग महासंघ के महासचिव राजीव मेहता ने प्रतियोगिता के संबंध में जानकारी दी और बताया कि पांच दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में बालक-बालिका वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। कार्यक्रम में विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट, राम सिंह कैड़ा, प्रमोद नैनवाल, उत्तरांचल ओलंपिक संघ के अध्यक्ष महेश नेगी, जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरमवाल, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत, जिलाधिकारी वंदना, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी, खेल प्रेमी और विदेशी खिलाड़ी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ