सपा नेता ने उपद्रव के आरोपितों के बगल में लगाया चिन्मयानंद और सेंगर का बैनर

 



लखनऊ/नागरिकता संशोधन कानून (सी.ए.ए) के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन के दौरान राजधानी में उपद्रव के आरोपितों का बैनर-पोस्टर लगाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। गुरुवार देर रात सपा नेता आइपी सिंह ने पूर्व मंत्री और दुष्कर्म के आरोपित स्वामी चिन्मयानंद और पूर्व भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर का बैनर लोहिया पार्क चैराहे पर लगवा दिया। बैनर में दोनों की फोटो भी लगी थी, जिस पर लिखा था कि ये हैं प्रदेश की बेटियों के आरोपित, इनसे रहें सावधान। इसके अलावा बैनर में बेटियां रहें सावधान, सुरक्षित रहे हिन्दुस्तान का नारा भी दिया गया है। भाजपा के दोहरे चरित्र को वह इस बैनर के जरिये दिखा रहे हैं। उनका कहना है कि कई स्थानों पर उन्होंने ये बैनर लगवाए थे, जिसे पुलिस ने फाड़ दिया। देर रात तक पुलिस को इसकी जानकारी भी नहीं हो सकी। लोहिया पार्क चैराहे पर उपद्रव के आरोपितों के बगल में ये बैनर लगाया गया था। एसीपी गोमतीनगर संतोष कुमार सिंह के मुताबिक ऐसी कोई बात जानकारी में नहीं है। इसकी जांच कराई जाएगी। खास बात ये है कि गुरुवार देर रात तक पुलिस को पूरे मामले की जानकारी नहीं थी। सपा नेता आइपी सिंह ने ट्विट कर लोहिया पार्क चैराहे पर बैनर लगाने की जानकारी दी थी। बावजूद इसके पुलिस और खुफिया एजेंसियों को इसकी भनक नहीं लगी है।


 


टिप्पणियाँ