प्रमोशन में आरक्षण- जोशी पर नहीं हुई कार्रवाई, तो एससी, एसटी इंप्लाइज फेडरेशन करेगा आंदोलन

 



देहरादून/उत्तराखंड एससी, एसटी इंप्लाइज फेडरेशन ने बैठक कर उत्तराखंड जनरल इंप्लाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक जोशी के खिलाफ कार्रवाई न होने पर 12 मार्च को प्रदेश व्यापी आंदोलन का एलान किया है। फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष करम राम ने कहा कि शिकायत के बाद भी जोशी के खिलाफ अब तक कानूनी कार्रवाई नहीं हुई। इसके विरोध में समस्त जिलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। कौलागढ़ रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में आयोजित उत्तराखंड एससी, एसटी इंप्लाइज फेडरेशन की बैठक में कर्मचारियों ने कहा कि जोशी के खिलाफ यदि कानूनी कार्रवाई न हुई तो यह माना जाएगा कि सरकार उन्हें शह दे रही है। 12 मार्च को इसके खिलाफ समस्त जिलों में मशाल जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद 15 मार्च को सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए समस्त जिलों में बुद्धि-शुद्धि यज्ञ किया जाएगा। यज्ञ इसलिए भी किया जाएगा कि सरकार इस बजट सत्र में इंदु कुमार समिति एवं इरशाद हुसैन आयोग की रिपोर्ट को सार्वजनिक करते हुए प्रमोशन में आरक्षण का एक्ट बनाए। बैठक में कर्मचारियों ने दीपक जोशी पर एससी, एसटी कर्मचारियों के खिलाफ बोलने का आरोप लगाते हुए उनकी गिरफ्तारी की मांग की। शिक्षक एसोसिएशन के महामंत्री जितेंद्र सिंह बुटोइया ने सीधी भर्ती में रोस्टर को पूर्ववत बहाल करने की मांग की। बैठक का संचालन प्रदेश महासचिव हरि सिंह ने किया। बैठक में मुख्य विधि सलाहकार कांता प्रसाद, संरक्षक सुंदर लाल मुयाल, डा.राजेश पाल, चंद्र सिंह ग्वाल, जयपाल सिंह, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रणवीर सिंह तोमर, उपाध्यक्ष चंद्रशेखर, मटन लाल, गंभीर सिंह तोमर, डा.राजेश पाल, कुलदीप सिंह सैनी, विमला, रघुवीर सिंह तोमर, महेश बुरियाल, प्रमोद कुमार, राजेंद्र सिंह, प्रकाश, रामबचन राजभर, सोहन लाल, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
 


टिप्पणियाँ

Popular Post