गन्ने की पर्चियां नही मिलने से किसानों में रोष




हरिद्वार । पथरी क्षेत्र के दर्जनों गांव के किसानों को समय पर लक्सर मिल से गन्ने की पर्चियां नहीं मिल पा रही है। पर्चियां नहीं मिलने से किसानों में भारी रोष है। किसानों ने गन्ना समिति के डायरेक्टर और मिल प्रबंधक से समय अनुसार पर्चियां देने की गुहार लगाई है। गांव रानीमाजरा, शाहपुर, पदार्था, झाबरी, फेरुपुर, धनपुरा, कटारपुर, चांदपुर सहित दर्जनों गांव के किसानों का आरोप है किसानों को समय से पर्चियां नहीं दी जा रही हैं। अधिकांश किसान अगेती प्रजाति के गन्ने को मिल में आपूर्ति कर गेहूं की फसलों को लगाते हैं। पर्चियां नहीं मिलने के कारण खेत खाली नहीं हो पा रहे है। आरोप है कि इस बार गलत क्रय नीति और व्यवस्था में कमी के चलते किसान चिंतित हैं। सुनीत चौहान, निसार अहमद, रमेश सिंह, राजबीर, शमशाद, इरशाद, नितीन चौहान, पवन चौहान, इरफान ने बताया मिल कर्मचारियों के द्वारा पर्ची जारी करने में देरी हो रही है। किसान एक-एक पर्ची के लिए जूझ रहे है।गन्ना समिति के डायरेक्टर महबूब अली ने बताया पिछले वर्ष बनाई गई किसानों की सूची के आधार पर ही पर्चियां दी जा रही हैं। किसानों से वार्ता कर उन्हें पर्चियां उपलब्ध कराई जायेगी। लक्सर मिल के डिप्टी जीएम सुरेश शर्मा ने बताया किसानों को जरूरत के आधार पर पर्चियां दी जा रही हैं। तौलकेंद्र से गन्ना उठान में देरी के चलते पर्चियां देने में समय लग जाता है।
0


टिप्पणियाँ