सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने संभाला मोर्चा, जिलों से बना रहे लगातार संपर्क
देहरादून : प्रदेश में मंगलवार रात हुई अतिवृष्टि से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन से देहरादून सहित अन्य जिलों में हुए नुकसान की जानकारी ली और युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित लोगों को तत्काल हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाए और लापता लोगों की तलाश के लिए विशेष अभियान चलाया जाए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर लोगों की समस्याओं का समाधान करें और राहत-बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।
मुख्यमंत्री ने मालदेवता और केसरवाला क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्यों की गति तेज करने के निर्देश दिए और स्थानीय नागरिकों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि अतिवृष्टि से सड़कों, पुलों और सरकारी संपत्तियों को भारी नुकसान हुआ है, जिससे आम लोगों के जीवन पर गंभीर असर पड़ा है। उन्होंने अवरुद्ध मार्गों को शीघ्र खोलने, सुरक्षित पेयजल व बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने और प्रभावित क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं की उपलब्धता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शासन और प्रशासन की टीमें लगातार फील्ड में सक्रिय हैं और विभाग आपसी समन्वय के साथ राहत, बचाव और पुनर्वास कार्य कर रहे हैं। उन्होंने नदियों के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली और निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल, बिजली, दूरसंचार सेवाएं तथा चिकित्सा सुविधाएं तत्काल बहाल की जाएं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं आपदा की स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और प्रभावितों को हर संभव सहायता का भरोसा दिला रहे हैं।
सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन सुबह से ही कंट्रोल रूम में मौजूद रहे और टीम के साथ स्थिति पर नजर रखी। उन्होंने बताया कि जिलों से लगातार संपर्क बनाए रखा गया है ताकि भूस्खलन, जलभराव और मार्ग अवरोध जैसी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में युद्धस्तर पर राहत कार्य चल रहे हैं। लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव दल पूरी ताकत से जुटे हैं और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
टिप्पणियाँ