विरार हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जताया शोक, घायलों के लिए प्रार्थना

 


महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार इलाके में मंगलवार देर रात हुए भीषण हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर दिया। विजय नगर क्षेत्र में स्थित रमाबाई अपार्टमेंट, जिसमें लगभग 50 फ्लैट थे, अचानक ढह गया। इमारत आधी रात करीब 12 बजकर पांच मिनट पर पास में बने एक खाली पड़े मकान पर गिरी, जिससे मलबे में दबकर 17 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। स्थानीय लोग, दमकल विभाग और एनडीआरएफ की टीमें रातभर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।


इमारत ढहने की इस घटना ने सरकार और प्रशासन की लापरवाही पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। वसई विरार नगर निगम (वीवीएमसी) की शिकायत के आधार पर पुलिस ने रमाबाई अपार्टमेंट के बिल्डर को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इमारत की संरचना में किस तरह की खामियां थीं, जिनकी वजह से यह हादसा हुआ।


इस दर्दनाक दुर्घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि महाराष्ट्र के विरार में इमारत गिरने से कई लोगों की मृत्यु अत्यंत दुखद है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वह घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हैं।


हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के परिजनों और घायलों को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। साथ ही इस बात पर भी जोर दिया गया है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए पुराने और जर्जर भवनों की नियमित जांच और कार्रवाई की जाएगी। इस दुर्घटना ने एक बार फिर शहरी क्षेत्रों में भवन निर्माण की गुणवत्ता और प्रशासनिक निगरानी पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।

टिप्पणियाँ

Popular Post