दिल्ली : कांग्रेस के सीनियर लीडर और 5 बार के पार्षद मुकेश गोयल आम आदमी पार्टी में शामिल

 


 दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने शनिवार को 'आप' मुख्यालय में कांग्रेस के बड़े नेता मुकेश गोयल का आम आदमी पार्टी में स्वागत किया। मुकेश गोयल 5 बार पार्षद रह चुके हैं और AICC के मेंबर हैं। वह कांग्रेस के एक कद्दावर नेताओं में से एक माने जाते थे।इससे पहले बीते बुधवार को दिल्ली विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष योगानंद शास्त्री ने एनसीपी का दामन थाम लिया था। शास्त्री ने 2020 में ही कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया था। इसके एक साल बाद उन्होंने एनसीपी की सदस्यता ग्रहण की थी। शास्त्री 2008 से 2013 तक दिल्ली विधानसभा के स्पीकर रह चुके हैं। शास्त्री ने दिल्ली विधानसभा चुनाव में प्रदेश कांग्रेस के नेताओं पर टिकट बेचने का आरोप लगाया था। उन्होंने उस समय कहा था कि प्रदेश कांग्रेस की कमान ऐसे व्यक्ति के पास है जो किसी का सम्मान नहीं करता और ऐसे लोगों से घिरा है जो विधानसभा चुनाव के टिकट बेचने में लिप्त है।गौरतलब है कि 272 वार्ड वाले दिल्ली नगर निगम चुनाव में अब बस कुछ माह शेष बचे हैं। 2007 से लगातार दिल्ली के तीन नगर निगमों पर काबिज भाजपा ने 2017 के पिछले चुनावों में 181 वार्डों में जीत हासिल की थी।बता दें कि 2012 में एमसीडी को तीन भागों - उत्तर, दक्षिण और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में बांट दिया गया था। उत्तरी दिल्ली नगर निगम (एनडीएमसी) और दक्षिणी दिल्ली नगर निगम (एसडीएमसी) में जहां 104-104 वार्ड हैं, वहीं पूर्वी दिल्ली नगर निगम (ईडीएमसी) में 64 वार्ड हैं। एमसीडी तीन भागों में बांटने के कदम के पीछे यह तर्क दिया गया था कि यह प्रशासन को सरल बनाएगा और दिल्लीवासियों को बेहतर नागरिक सेवाएं प्रदान करेगा, लेकिन दुर्भाग्य से ज्यादा कुछ नहीं हुआ।

टिप्पणियाँ

Popular Post