स्वतंत्रता दिवस2021 : इस बार स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम परेड मैदान के बजाय पुलिस लाइन में होगाआयोजित

 


   देहरादून / उत्तराखंड में स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम इस बार परेड मैदान के बजाय पुलिस लाइन में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम में कोरोना संक्रमण के मद्देनजर केवल 100 व्यक्तियों को ही आने की अनुमति होगी। कार्यक्रम में कोरोना योद्धाओं, खिलाड़ियों व प्रबुद्ध नागरिकों को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में आने वालों का आरटीपीसीआर टेस्ट जरूरी होगा। केवल वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके व्यक्तियों को इससे छूट रहेगी। स्वतंत्रता सेनानियों को उनके आवास पर जाकर सम्मानित किया जाएगा। सभी जिला मुख्यालयों व कार्यालयों में सुबह नौ बजे ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्य सचिव डा एसएस संधु द्वारा इस संबंध में सभी जिलाधिकारियों को आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसमें कहा गया है कि परेड मैदान में स्मार्ट सिटी का कार्य होने के कारण राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम पुलिस लाइन में आयोजित होगा। यहां मुख्यमंत्री सुबह 10 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी लेंगे और कार्मिकों, खिलाड़ियों व प्रबुद्ध नागरिकों को सम्मानित करेंगे। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व राज्य आंदोलनकारियों को सभी जिलाधिकारी अपने प्रतिनिधियों के जरिये उनके आवास पर जाकर सम्मानित करेंगे।स्वतंत्रता दिवस के मौके पर विभिन्न सार्वजनिक भवनों में साफ-सफाई के साथ ही उन्हें प्रकाशमान किया जाएगा। जिलों में पौधारोपण अभियान भी चलाया जाएगा। महत्वपूर्ण स्थलों, चौराहों पर देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। एक हफ्ते पहले से ही शहीद स्थल, पार्क व स्मरणीय व्यक्तियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई की जाएगी। टीवी, रेडियो, इंटरनेट मीडिया के माध्यम से देशभक्ति गीतों का प्रसारण किया जाएगा। कोरोना के दृष्टिगत स्वतंत्रता दिवस की पूर्वसंध्या पर होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम रद कर दिए गए हैं।

टिप्पणियाँ

Popular Post