दिल्ली : खतरे के निशान के करीब पहुंचा यमुना का जलस्तर, निचले इलाकों के लिए अलर्ट जारी

 

 



दिल्ली और आस-पास के इलाकों में लगातार हो रही बारिश के बाद वीरवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान के नजदीक पहुंच गया है। वीरवार को यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से बस एक मीटर दूर रह गया। दिल्ली में यमुना नदी का जल स्तर भारी बारिश के बाद वीरवार को 203.37 मीटर तक बढ़ गया जो खतरे के निशान 204.50 मीटर के करीब है।दिल्ली सरकार के बाढ़ एवं सिंचाई विभाग की ओर से निचले इलाकों के लिए 24 घंटे का अलर्ट जारी कर दिया है। सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जल स्तर सुबह साढ़े दस बजे ओल्ड रेलवे ब्रिज पर 203.37 मीटर पर दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली और ऊपरी डूब वाले इलाकों में बारिश के कारण यमुना नदी उफान पर है। हरियाणा के यमुनानगर जिले में हथनीकुंड बैराज से नदी में और पानी छोड़ा जा रहा है।अधिकारी ने कहा कि पिछले 24 घंटों में पानी के बहाव की दर 1.60 लाख क्यूसेक पहुंच गयी जो इस साल के लिए सबसे अधिक है। बैराज से छोड़े गए पानी को राजधानी पहुंचने तक आम तौर पर दो से तीन दिन लगते हैं। वीरवार को सुबह दस बजे 85,879 क्यूसेक की दर से यमुना में पानी छोड़ा जा रहा था। सामान्यत: हथनीकुंड बैराज से पानी के बहाव की दर 352 क्यूसेक होती है लेकिन डूब वाले इलाकों में भारी बारिश के बाद ज्यादा पानी छोड़ा जा रहा है। एक क्यूसेक 28.32 लीटर प्रति सेकंड के बराबर होता है।

 

टिप्पणियाँ