आरएसएस समन्वय समिति की बैठक: आज बीएल संतोष लेंगे भाजपा की चुनावी तैयारियों की थाह

 


  भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष गुरुवार को प्रदेश भाजपा की चुनावी तैयारियों की थाह लेंगे। वह प्रदेश संगठन के वरिष्ठ नेताओं के अलावा अलग-अलग कई बैठकें लेंगे और चुनावी रोड मैप पर संगठन की अब तक की प्रगति जानेंगे। बुधवार को संतोष आरएसएस की समन्वय बैठक में भाग लेने के लिए देहरादून पहुंचे। प्रदेश पार्टी प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक, प्रदेश संगठन महामंत्री अजेय कुमार, प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार ने उनके जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचने पर गर्मजोशी से स्वागत किया। दून पहुंचने के बाद संतोष सीधे क्लेमेंटटाउन स्थित एक रिजोर्ट में चल रही आरएसएस की समन्वय बैठक में शामिल हुए। गुरुवार को वह संगठन के पदाधिकारियों की अलग-अलग बैठक लेंगे। बैठक की शुरुआत सोशल मीडिया टोली बैठक से होगी। यह बैठक प्रदेश पार्टी कार्यालय में होंगी। पांच समूहों की एक अन्य बैठक होगी। इसके बाद वह सोशल मीडिया वालंटियर्स की बैठक लेंगे। दोपहर बाद वह संगठन पदाधिकारियों की एक अहम बैठक लेंगे। इस बैठक में पार्टी प्रभारी, प्रदेश अध्यक्ष, संगठन मंत्री और महामंत्री  शामिल होंगे। इस बैठक में संतोष रामनगर चिंतन बैठक में तय हुए एजेंडे के अनुरूप अब तक किए गए कार्यों की प्रगति का आकलन करेंगे।इस बैठक में वह मुख्य विपक्षी दलों की तैयारियों, उनके चुनावी मुद्दों और उन्हें नाकाम करने के लिए भाजपा के स्तर से उठाए जाने वाले विषयों और मुद्दों को लेकर बातचीत होगी। कांग्रेस ने जातीय और क्षेत्रीय संतुलन साधने के लिए एक प्रदेश अध्यक्ष और चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाए हैं। साथ ही गढ़वाल से ही प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष चुना है। इसके राजनीतिक नफे नुकसान पर भी संतोष पार्टी नेताओं से फीडबैक ले सकते हैं।


दो बार आए और सीएम बदल गए

 
भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष के उत्तराखंड दौरे को लेकर भाजपा के भीतर चर्चाएं भी कम नहीं हो रही हैं। पार्टी के कई कार्यकर्ता चुटकी ले रहे हैं कि संतोष अब तक दो बार उत्तराखंड में बैठक करने आए और उनके जाने के बाद राज्य में मुख्यमंत्री बदल गए। उनके इस बार के दौरे के बाद किसकी कुर्सी खिसकेगी, इसे लेकर मजाकिया लहजे में सवाल उछाले जा रहे हैं।

टिप्पणियाँ