उत्तराखंडः मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पीएम से मुलाकात करने के लिए आज शाम होंगे दिल्ली रवाना

  


उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करेंगे। वह शुक्रवार की शाम दिल्ली के लिए रवाना होंगे।वहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पीएम मोदी के साथ ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी शिष्टाचार भेंट करेंगे। सूचना महानिदेशक ने मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे की पुष्टि की है।वहीं शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास स्थित जनता दर्शन हॉल मेंं जन समस्याओंं को सुना। लोगों ने सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, आर्थिक सहायता से संबंधित समस्याएं मुख्यमंत्री के समक्ष रखीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जन समस्याओं के त्वरित निदान के निर्देश अधिकारियों को दिए गए हैं। वहीं प्रदेश सरकार चारधाम यात्रा को लेकर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को चारधाम यात्रा के संबंध में उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की थी।बता दें कि प्रदेश सरकार ने एक जुलाई से चारधाम यात्रा चरणबद्ध ढंग से शुरू करने का फैसला किया था। उच्च न्यायालय ने यात्रा पर रोक लगा दी। सरकार उच्च के फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में विशेष अनुमति याचिका (एसएलपी) दायर कर चुकी है।बैठक में अधिकारियों ने चारधाम यात्रा की तैयारी, न्यायिक वाद और सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर करने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के फैसले की प्रतीक्षा करने को कहा।चारधामों के तीर्थ पुरोहित, पुजारी व हकहकूकधारियों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर देवस्थानम बोर्ड को भंग कर पूर्व की व्यवस्था बहाल करने की मांग की है। सीएम ने तीर्थ पुरोहितों को संबंधित दस्तावेज उपलब्ध कराने को कहा है। बीजापुर गेस्ट हाउस में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से केदारनाथ, बदरीनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित, पुजारी व हकहकूकधारियों ने मुलाकात की। तीर्थ पुरोहितों ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि चारधाम देवस्थानम एक्ट पर पुनर्विचार कर पूर्व की व्यवस्था बहाल की जाए। तीर्थ पुरोहितों ने एक्ट के बनने के बाद आने वाली दिक्कतों से अवगत कराया।

Sources:AmarUjala

टिप्पणियाँ

Popular Post