सीधे मुख्य सामग्री पर जाएं

हर गत‍िव‍िध‍ि पर पैनी नजर रख रही पुलिस,एक्शन प्लान से बैकफुट पर नेता



 घर में नजरबंद नेता सड़क पर दौड़ रहे पुलिस के वाहन। धारा 144 लागू करने में पुलिस दिखा रही प्रतिबद्धता। एडीजी ने हर हाल में उपद्रवियों के मंसूबे विफल करने के आदेश दिए। इसके बाद से ही पुलिस बल सक्रिय हो गया।

मुरादाबाद / पहले मौसम की मार फिर पुलिस के एक्शन प्लान से वे लोग बैकफुट पर आ गए हैं, जिनके कंधे पर भारत बंद आंदोलन को सफल बनाने का भार है। सपा और किसान संगठनों के प्रमुख नेता जहां अपनों ही घरों में ही नजरबंद हैं, वहीं किसी भी संकट से निपटने के ल‍िए पुलिस पूरी तरह से तैयार है। महानगर के चौक व चौराहे से लेकर देहात क्षेत्र के कस्बों तक में पुलिस का पहरा है। धारा 144 का अनुपालन सख्ती के साथ कराया जा रहा है।

किसान आंदोलन को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से विभिन्न राजनीतिक संगठनों ने आठ दिसंबर को भारत बंद का आह्वान किया है। इसको लेकर शासन व प्रशासन पूरी तरह चौकस व चौकन्ना है। बरेली जोन के एडीजी अविनाश चंद्र सोमवार रात करीब आठ बजे अचानक मुरादाबाद पहुंचे। मुरादाबाद परिक्षेत्र के पुलिस अधिकारियों के साथ उन्होंने बैठक की। उन्होंने मातहतों को बताया कि आंदोलन की आड़ में जिलों की कानून व्यवस्था को अस्थिर करने की कोशिश हो सकती है। एडीजी ने हर हाल में उपद्रवियों के मंसूबे विफल करने के आदेश दिए। इसके बाद से ही पुलिस बल सक्रिय हो गया। कई नेताओं की सूची बनाई गई। पुलिस व प्रशासन के उच्चाधिकारी पूरी रात कार्ययोजना तैयार करने में जुटे रहे। आंदोलन से जुड़े सभी प्रमुख नेताओं को रात में ही उनके घरों में नजरबंद कर दिया गया। पौ फटने से पहले ही मौसम भी प्रशासनिक अमले पर मेहरबान हो गया। घने कोहरे के बीच मुरादाबाद की सुबह हुई। तब तक पुलिस के जवान महानगर की सड़कों पर अलर्ट मोड में तैनात हो चुके थे। मुरादाबाद में जिला प्रशासन ने जहां धारा 144 लागू किया है, वहीं अराजकता से निपटने की ठोस कार्ययोजना भी बनाई गई है। उच्च अधिकारियों ने जिले के सभी थानेदारों को सूची मुहैया कराकर क्षेत्र के नेताओं पर पैनी नजर रखने का आदेश दिया है। स्थानीय खुफिया एजेंसी के साथ ही पुलिस के मुखबिर भी चौकस व चौकन्ना हैं। एसपी सिटी अमित कुमार आनंद ने बताया कि सुबह साढ़े 11 बजे तक किसी की गिरफ्तारी नहीं की गई है। पुलिस हालात पर नजर जमाए हुए है। धारा 144 का सख्ती से अनुपालन कराया जा रहा है। 

Sources:जेएनएन

टिप्पणियाँ