दीपावली और छठ पर्व पर ट्रेन का सफर होगा आसान, 10 नवंबर से स्पेशल ट्रेनें


इस दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों का ट्रेन का सफर आसान होगा। रेलवे प्रशासन ने गुरुवार को दिल्ली के आनंद विहार से पूजा स्पेशल ट्रेनें चलाने का निर्णय लिया है। ये ट्रेनें 10 नवंबर से 22 नवंबर के बीच चलेंगी। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को वेटिंग लिस्ट से राहत मिलेगी। इन ट्रेनों में सीटों का आरक्षण शुरू हो गया है। 


-ट्रेन नंबर 04424 रोजाना 10 से 22 नवंबर के बीच आनन्द विहार से दोपहर 3:20 बजे चलकर खुर्जा, अलीगढ़ के रास्ते रात 12:32 बजे ऐशबाग और 12:52 बजे बादशाहनगर होकर अगले दिन शाम 7:55 बजे कटिहार पहुंचेगी। वापसी में 04423 स्पेशल 11 से 23 नवम्बर तक प्रतिदिन कटिहार से रात 10;45 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शाम 5:33 बजे बादशाहनगर से शाम 6:20 बजे ऐशबाग होते हुए रात 02:55 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। इस 22 बोगियों वाली ट्रेन में स्लीपर और जनरल की बोगियां होंगी। 


-ट्रेन नंबर 04426 सप्ताह में पांच दिन 10 से 22 नवंबर तक (सोमवार एवं शनिवार को छोड़कर) आनन्द विहार से शाम 4:25 बजे चलकर आलमनगर रात 1:50 बजे, लखनऊ रात 2:25 बजे पहुंचकर अगले दिन रात 10:10 बजे रक्सौल पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 04425 ट्रेन 11 से 23 नवंबर तक (मंगलवार एवं शुक्रवार को छोड़कर) रक्सौल से रात 11:40 बजे प्रस्थान कर दूसरे दिन शाम 6:28 बजे, लखनऊ और 6:46 बजे आलमनगर होते हुए सुबह 04:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। 


-ट्रेन नंबर 04432 आठ से 22 नवंबर तक प्रत्येक रविवार को आनन्द विहार से सुबह 11:10 बजे रवाना होकर शाम 6:52 बजे लखनऊ होकर गोरखपुर देवरिया के रास्ते अगले दिन सुबह 11:30 बजे सहरसा पहुंचेगी। वापसी यात्रा में 04431 स्पेशल नौ से 23 नवम्बर तक प्रत्येक सोमवार को सहरसा से दोपहर 2:30 बजे चलकर अगले दिन सुबह 6:10 लखनऊ होते हुए दोपहर 1:45 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।


आठ दिन अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी


परिवहन निगम प्रशासन इस बार दीपावली के दौरान आठ दिनों तक अतिरिक्त बसें चलाने की तैयारी कर रहा है। इस सिलसिले में छह नवंबर को प्रदेश भर के अधिकारियों की बैठक बुलाई है। जिसमें उम्मीद की जा रही है कि 11 से 18 नवंबर के बीच 2000 अतिरिक्त साधारण व एसी बसें यात्रियों को उपलब्ध कराई जाएगी। ये बसें लखनऊ समेत अन्य जनपदों से किन-किन रूटों पर संचालित होगी। शुक्रवार को रूट तय करके बसों के संचालन की घोषणा करके ऑनलाइन सीटों की बुकिंग शुरू की जाएगी। 


 


Sources:Hindustan Samachar


टिप्पणियाँ

Popular Post