24 मार्च को अस्थायी मंदिर में शिफ्ट होंगे रामलला, नवरात्रि में नए स्थान पर दर्शन कर सकेंगे श्रद्धालु



अयोध्या/श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने साफ कर दिया है कि 24 मार्च तक गर्भगृह में विराजमान रामलला को उससे कुछ दूर शिफ्ट कर दिया जाएगा और 25 मार्च यानी नवरात्रि के पहले दिन से भगवान श्रीराम के दर्शन नए स्थान पर होंगे। ट्रस्ट के लोगों में इस बात पर सहमति बन चुकी है।यही नहीं रामलला का जो गर्भ गृह है उसी स्थान पर बनने वाले भव्य राम मंदिर में गर्भ गृह होगा। मंदिर निर्माण के बाद रामलला वहीं विराजमान होंगे। सुरक्षा की बात करें तो वर्तमान में जिस तरह दर्शन के लिए जाते समय निर्धारित प्रसाद के अलावा अन्य प्रसाद और वस्तुएं ले जाने पर प्रतिबंध है उसी प्रकार आगे भी वही व्यवस्था लागू रहेगी।ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय ने कहा कि श्री रामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सभी लोगों का यह मत है कि नवरात्रि में भगवान के दर्शन नए स्थान पर हों। दर्शन मार्ग में कोई बदलाव नहीं होगा।भक्त अधिग्रहीत क्षेत्र में उसी मार्ग से प्रवेश करेंगे, जिससे अभी करते हैं।


टिप्पणियाँ