उपेक्षित लोगों के लिए कार्य करें- राज्यपाल

 




हरिद्वार/ राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोगों को उपेक्षित लोगों के लिए कार्य करना चाहिए। कहा कि सभी को एक साथ लाने का कार्य संत करते हैं। हर वर्ग के लोगों को उपेक्षित लोगों को आगे बढ़ाने में सहयोग करना चाहिए। यह बातें राज्यपाल ने ब्रह्मलीन स्वामी हंस प्रकाश के सातवें निर्वाण श्रद्धांजलि समारोह के दौरान कहीं। रविवार को शंकर आश्रम चौक के पास स्थित अवधूत मंडल आश्रम में ब्रह्मलीन हंस प्रकाश के सातवें निर्वाण दिवस पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यपाल बेबी रानी मौर्य, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, सांसद अजय भट्ट, शहरी विकस मंत्री मदन कौशिक और अवधूत मंडल आश्रम के संचालक रूपेंद्र प्रकाश ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। राज्यपाल ने कहा कि संत समाज ने राजसत्ता को भी समय.समय सद्मार्ग पर दिखाया है। कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण, महिला शिक्षा, महिला कल्याण और महिला सशक्तीकरण की दिशा में आगे बढ़ना होगा। संतों के आशीर्वाद से हम सबको आगे आकर कार्य करने होंगे।मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि वर्ष 2021 में होने वाले महाकुंभ के कार्य समय से पहले पूरे कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अवधूत मंडल आश्रम का लंबा इतिहास है।  200 साल से यह आश्रम मानव सेवा कर रहा है। संतों की संस्कृति त्याग और बलिदान की संस्कृति है। जिसे महामंडलेश्वर रूपेंद्र प्रकाश आगे बढ़ा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद्र अग्रवाल ने कहा कि संतों का मुख्य उद्देश्य परोपकार करना होता है और उनका सम्पूर्ण जीवन परोपकार के लिये ही समर्पित होता है। नैनीताल सांसद और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि गुरु सब कुछ होता है। गुरु के बिना ज्ञान नहीं होता। कहा कि संतों ने गुरु शिष्य की परंपराओं को जीवित रखा हुआ है। कहा कि संतों के आशीर्वाद से देश और राज्य दोनों आगे बढ़ रहे है। संतों की देश के ऊपर कृपा बनी रहनी चाहिए। शहरी विकास मंत्री ने कहा कि ब्रह्मलीन हंस प्रकाश त्याग और तपस्या की साक्षात प्रतिमूर्ति थे। उन्होंने सदा समाज को संगठित कर विकास की ओर अग्रसर किया। इस मौके पर भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना, विधायक आदेश चौहान, महामंडलेश्वर कैलाशानंद ब्रह्मचारी, कपलि मुनि, महेश्वरदास, महंत दामोदर दास, संत जगजीत सिंह, सत्याव्रानंद, विवेकानंद, दर्जाधारी डॉ, विनोद आर्य, राकेश राजपूत, डॉ0 जयपाल चौहान, विकास तिवारी, नरेश शर्मा, दीपक उप्रेती, पूर्व मेयर मनोज गर्ग, अन्नू कक्कड़ प्रशांत सैनी आदि लोगों ने अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।


टिप्पणियाँ

Popular Post