एम्स देश की स्वास्थ्य सेवाओं का स्तंभ: जस्टिस राजेश टंडन
देहरादून: मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन की ओर से पुरुकुल रोड स्थित हेरिटेज ग्रीन में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जहां भारत सरकार द्वारा पद्मश्री से सम्मानित और देश के प्रसिद्ध अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. बी. के. एस. संजय को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), गुवाहाटी का अध्यक्ष नामित किए जाने पर भव्य स्वागत एवं सम्मान किया गया। यह कार्यक्रम पूर्व जस्टिस राजेश टंडन के कार्यालय में संपन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में प्रबुद्धजन, संगठन के पदाधिकारी और स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व जस्टिस राजेश टंडन ने कहा कि एम्स संस्थान भारत में उत्कृष्ट चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और रोगी देखभाल के लिए सर्वोच्च संस्थानों के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि भोजन, शिक्षा और स्वास्थ्य प्रत्येक व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकताएँ हैं, और केंद्र सरकार ने तृतीयक स्वास्थ्य सेवा प्रणाली को मजबूत करने के साथ-साथ इन सेवाओं को महानगरों से बाहर देश के कोने-कोने तक पहुँचाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। वर्तमान में देशभर में 19 एम्स कार्यरत हैं, जिनमें एम्स गुवाहाटी भी शामिल है।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय अध्यक्ष सचिन जैन ने कहा कि भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने डॉ. भूपेंद्र कुमार सिंह संजय को पूर्वोत्तर राज्यों में चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और उत्कृष्ट रोगी देखभाल को नई दिशा देने हेतु अध्यक्ष पद पर नियुक्त किया है। उन्होंने कहा कि डॉ. संजय न केवल एक अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त अस्थि रोग विशेषज्ञ हैं, बल्कि वे एक कुशल शोधकर्ता, शिक्षाविद, लेखक, वक्ता, कवि और समाजसेवी भी हैं। उनकी असाधारण उपलब्धियों के कारण उनका नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स, इंटरनेशनल रिकॉर्ड्स, लिम्का बुक ऑफ रिकॉर्ड्स और गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स तक में दर्ज है। उनके शोध कार्य विश्व की शीर्ष चिकित्सा पत्रिकाओं जैसे जर्नल ऑफ बोन एंड जॉइंट सर्जरी, इंटरनेशनल ऑर्थोपीडिक्स और जर्नल ऑफ हैंड सर्जरी में प्रकाशित हुए हैं।
डॉ. संजय को उनकी विशिष्ट चिकित्सा एवं सामाजिक सेवाओं के लिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कई प्रतिष्ठित संगठनों द्वारा सम्मानित किया जा चुका है। भारत सरकार ने वर्ष 2021 में उन्हें ‘पद्मश्री’ सम्मान से अलंकृत किया, जो उनकी उपलब्धियों और योगदान का प्रमाण है।
कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ने मंच का संचालन किया। अंत में सम्मान ग्रहण करते हुए डॉ. बी. के. एस. संजय ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि यह सम्मान उनके लिए बेहद विशेष है। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा दिए गए इस आदर और सम्मान के लिए वे हमेशा ऋणी रहेंगे और समाज व चिकित्सा क्षेत्र के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
इस अवसर पर एस. पी. सिंह, अधिवक्ता सुनीता रावत, सोनिया रावत, सुनील अग्रवाल, डॉ. दिनेश शर्मा, शशि टंडन, विजय कथूरिया समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे और कार्यक्रम की गरिमा को बढ़ाया।
टिप्पणियाँ