सुपरवाइजर के 50% पदों पर पदोन्नति का रास्ता साफ
देहरादून : उत्तराखंड में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए खुशखबरी है। सरकार अब नियमावली में संशोधन कर रही है, जिससे सुपरवाइजर के 50 प्रतिशत पदों पर उनकी पदोन्नति संभव हो सकेगी। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि संशोधन का प्रस्ताव कैबिनेट में लाया जाएगा। प्रदेश में फिलहाल 20 हजार से अधिक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता कार्यरत हैं।
वर्तमान नियमावली के तहत सुपरवाइजर के पदों पर 40 प्रतिशत कोटा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए, 10 प्रतिशत मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए और शेष 50 प्रतिशत पद अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के जरिए सीधी भर्ती से भरे जाते हैं। लेकिन अब राज्य में सभी 5120 मिनी आंगनबाड़ी केंद्र उच्चीकृत होकर आंगनबाड़ी केंद्र बन चुके हैं, जिससे मिनी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का पद ही समाप्त हो गया है।
मंत्री रेखा आर्या के अनुसार, नियमावली संशोधन से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की पदोन्नति प्रक्रिया हर साल सुचारू रूप से हो सकेगी। पहले इन्हें 10 से 20 साल बाद ही सुपरवाइजर के पदों पर पदोन्नति मिल पाती थी, जिसके चलते कई आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एक ही पद पर रहते हुए सेवानिवृत्त हो जाते थे। लेकिन अब सरकार खाली पदों पर नियमित रूप से पदोन्नति सुनिश्चित करेगी।
टिप्पणियाँ