सपा के पक्ष में प्रचार करेंगी ममता




लखनऊ : उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में बिना कोई प्रत्याशी उतारे तृणमूल कांग्रेस की प्रमुख ममता बनर्जी समाजवादी पार्टी के गठबंधन के साथ हैं। सोमवार देर शाम लखनऊ पहुंची ममता बनर्जी मंगलवार को समाजवादी पार्टी के पक्ष में प्रचार कार्यक्रम को धार देंगी।

उत्तर प्रदेश हमेशा से ही सियासत का गढ़ रहा है। इस वक्त राज्य में चुनावी घमासान चल रहा है और खासतौर से संधमारी की भी खबरें आये दिन सुनने को मिलती हैं। प्रदेश में जहां भाजपा अपने आपको मजबूत मान कर चल रही है तो सपा भी पीछे नहीं है। इसी क्रम में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी कल देर शाम लखनऊ पहुंच गई।

 ममता का एयरपोर्ट पंहुचने पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उनका जोरदार स्वागत किया। आज वह समाजवादी पार्टी के पक्ष में प्रचार करने के साथ ही मीडिया को भी संबोधित करेंगी। ममता बनर्जी इसके साथ ही प्रदेश के अन्य जिलों में भी समाजवादी पार्टी के पक्ष में माहौल बना सकती है। 

अखिलेश ने ममता बनर्जी का स्वागत करने के बाद सोमवार को ट्वीट करते हुए कहा कि बंगाल में मिलकर हराया था अब उत्तर प्रदेश में हराएंगे। दीदी से अपना वादा है, हम फिर जीतकर आएंगे। यूपी में दीदी का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन।

ममता बनर्जी आज अखिलेश यादव के साथ समाजवादी पार्टी कार्यालय में संयुक्त पत्रकार वार्ता करेंगी। सपा इसका सीधा प्रसारण इंटरनेट मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर भी करेगी। ममता भाजपा को हराने व सपा को भारी बहुमत से जिताने की अपील करेंगी। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी भी जाएंगी। काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा करने के साथ ही उनकी गंगा आरती में भी शामिल होने की संभावना है।

टिप्पणियाँ