मुलायम सिंह यादव को जन्मदिन पर प्रधानमंत्री ने दी बधाई

  


नयी दिल्ली / प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के जन्मदिन पर सोमवार को उन्हें बधाई दी। यादव 82 वर्ष के हो गए हैं। मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव ने देश की राजनीति में अहम योगदान दिया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री यादव का जन्म उत्तर प्रदेश के सैफई गांव में 1939 में हुआ था। मोदी ने हिंदी में ट्वीट किया, ‘‘उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की ढेरों शुभकामनाएं। देश की राजनीति में उन्होंने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। मैं उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं।’’ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ समेत कई नेताओं ने यादव को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ जीवन और दीर्घायु होने की कामना की।उत्तर प्रदेश के मुख्‍यमंत्री योगी आदित्‍यनाथ ने ट्वीट कर कहा, उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम से आपके उत्तम स्वास्थ्य व सुदीर्घ जीवन की कामना करता हूं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ट्विटर पर मुलायम सिंह यादव को बधाई देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की कामना की है।

पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे भाई और प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट किया, हम सभी की प्रेरणा व ऊर्जा के स्रोत, सामाजिक न्‍याय के ध्वजवाहक और अपने जन संघर्षों की बदौलत संवेदनशील सियासत की इबारत लिखने वाले आदरणीय नेताजी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

टिप्पणियाँ

Popular Post