निगम की सदन बैठक में हंगामा, AAP विधायक व भाजपा पार्षद के बीच हाथापाई

 


 नई दिल्ली / उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सदन की बैठक में मंगलवार को जोरदार हंगामा हुआ। शराब के ठेके खोलने और कर्मचारियों को वेतन नही देने के मुद्दे पर भाजपा और विपक्षी आम आदमी पार्टी के पार्षद आपस में भिड़ गए। मामला इतना गरमा गया कि रिठाला से आम आदमी पार्टी के विधायक महेंद्र गोयल और भाजपा पार्षद के बीच हाथापाई तक हुई। मिली जानकारी के अनुसार, उत्तरी दिल्ली नगर निगम के सदन की बैठक में भाजपा सदस्यों का पाइंट आफ आर्डर पहले लेने पर आप पार्षदों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। इसकी वजह से सदन की कार्यवाही दस मिनट तक स्थगित करनी पड़ी।सदन की कार्यवाही फिर से शुरू करने पर आम आदमी पार्टी के पार्षद निगम कर्मचारियों को वेतन देने की मांग को लेकर वेल में आकर हंगामा करने लगे। वहीं, भाजपा पार्षदों ने भी शराब के ठेके खोलने को लेकर जमकर हंगामा किया। इस दौरान आप और भाजपा पार्षदों के बीच तीखी बहस हुई।सदन की बैठक में भाजपा पार्षदों ने शराब से भरी बोतल लहराकर हंगामा किया। इस दौरान सदन की बैठक में मौजूद आम आदमी पार्टी के रिठाला से विधायक महेंद्र गोयल और भाजपा पार्षद विजेंद्र यादव भिड़ गए। दोनों के बीच हाथापाई भी हुई। बाद में बीच बचाव करने पर मामला शांत हुआ। बता दें कि दिल्ली में शराब के ठेके खुलने पर भाजपा और कांग्रेस आम आदमी पार्टी पर हमलावर हैं। वेलकम इलाके में नई आबकारी नीति के तहत खोले जा रहे शराब के ठेके का विरोध करने पर दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस नेता पर केस दर्ज किया है। वेलकम थाना पुलिस ने दीपक वशिष्ठ के खिलाफ सरकारी नियमों का उल्लंघन का केस दर्ज किया है। पुलिस का कहना है प्रदर्शन के लिए दीपक ने पुलिस से अनुमति नहीं ली थी।दीपक वशिष्ठ बाबरपुर में रहते हैं। वह 2017 में नगर निगम का चुनाव लड़ चुके हैं। रविवार दोपहर में वेलकम थाने में तैनात कांस्टेबल संजय इलाके में गश्त कर रहे थे, जब वह गश्त करते हुए जनता कालोनी के 65 फुटा रोड पर पहुंचे तो देखा दीपक वशिष्ठ लोगों के साथ एक शराब के ठेके के बाहर प्रदर्शन कर रहे हैं। जब कांस्टेबल ने वशिष्ठ से प्रदर्शन की अनुमति मांगी तो वह नहीं दिखा पाए।

टिप्पणियाँ