जापान: 65 साल के शिंजो ने दिया पीएम पद से इस्तीफा, आंत से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे हैं आबे


जापान के प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने स्वास्थ्य समस्याओं की वजह से शुक्रवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। 65 साल के आबे लंबे समय से पेट से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे हैं। वे इस महीने दो बार 17 और 24 अगस्त को अस्पताल जा चुके हैं। इसके बाद से ही जापानी मीडिया में उनके स्वास्थ्य को लेकर चर्चा चल रही थी।
स्थानीय मीडिया के अनुसार आबे नहीं चाहते कि उनकी सेहत के कारण सरकार के कामकाज पर किसी तरह का असर पड़े। ऐसे में उन्होंने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पद छोड़ने की घोषणा कर दी। अगस्त महीने में ही आबे ने बतौर प्रधानमंत्री सात साल छह महीने का समय पूरा किया है।
आबे देश की सत्ता पर 2803 दिनों से पदासीन थे। इससे पहले यह रिकॉर्ड उनके चाचा और देश के पूर्व प्रधानमंत्री इसाकु सैतो के नाम था। शिंजो लिबरल डेमोक्रेटिक पार्टी ,एलडीपी पार्टी के सदस्य हैं। देश में जारी कोरोना महामारी के बाद से मांग हो रही थी कि आबे नागरिकों को इससे निपटने को लेकर किए गए कामों के बारे में बताएं।


हालांकि इसके बावजूद आबे बीते 50 दिनों से किसी कार्यक्रम में नजर नहीं आए। 18 जून को यह सूचना दी गई थी कि वे अपने घर पर मीडिया से बातचीत करेंगे मगर ऐसा नहीं हो पाया। 24 अगस्त को कैबिनेट सेक्रेटरी योशिहिडे सुगा ने शिंजो की सेहत को लेकर जारी चर्चाओं को खारिज कर दिया था। उन्होंने कहा था कि आबे बिलकुल ठीक हैं और नियमित जांच के लिए अस्पताल आ रहे हैं।


आंत से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे हैं आबे


शिंजो आबे लंबे समय से आंत से जुड़ी बीमारी अल्सरट्रेटिव कोलाइटिस से जूझ रहे हैं। इस बीमारी में आंत में सूजन जैसी समस्याएं होती हैं। इस बीमारी के कारण ही आबे को 2007 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के एक साल बाद इस्तीफा देना पड़ा था। अब वे नियमित इलाज के जरिए अपनी बीमारी को नियंत्रण में रखते हैं। 


सर्वेक्षण के अनुसार घट रही है आबे की लोकप्रियता


जापान की क्योदो न्यूज एजेंसी के सर्वेक्षण के अनुसार देश में पहले के मुकाबले शिंजो आबे की लोकप्रियता कम हुई है। रविवार को सामने आए इस सर्वेक्षण में कहा गया है कि देश में 58.4 प्रतिशत लोग कोरोना महामारी से निपटने को लेकर सरकार के तरीके से नाखुश हैं। 


source: Agency news


टिप्पणियाँ

Popular Post