उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी, आंधी के साथ ओलावृष्टि की संभावना


उत्तराखंड में बारिश का दौर जोर पकड़ने लगा है। गढ़वाल और कुमाऊं के पर्वतीय इलाकों के साथ ही मैदानी क्षेत्र में गुरुवार की शाम से शुरू हुई बारिश शुक्रवार को भी जारी है। वहीं, केदारनाथ की ऊंची चोटियों पर हिमपात की सूचना भी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिन मौसम के तेवर और तल्ख रहेंगे। आंधी के साथ ओलावृष्टि की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।


 


मौसम विभाग का कहना है कि दो दिन मैदानी इलाकों में करीब 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में कई जगह भारी बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना जताई जा रही है।


 


दून में देर रात मूसलाधार बारिश


 


दून में गुरुवार को सुबह से धूप खिली रहने के बाद शाम को काले बादल घिर आए। रात होते-होते माध्यम हवाओं के साथ बौछारें पड़ने लगीं। रात नौ बजे के बाद शहर के अधिकांश इलाकों में बारिश शुरू हुई, जो सुबह तक तक जारी रही। इस दौरान तापमान में भी भारी गिरावट आई। साथ ही मूसलाधार बारिश से शहर की सड़कें तालाब बन गईं। अभी भी दून में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।


 



 


बारिश का दौर जारी, ऊंची चोटियों में हिमपात  


 


उत्तराखंड के गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों में शुक्रवार को भी बारिश का दौर जारी है। रुद्रप्रयाग के केदारनाथ, उत्तरकाशी के गंगोत्री व यमुनोत्री, कुमाऊं के पिथौरागढ़ में शुक्रवार की सुबह भी बारिश जारी रही। वहीं, अन्य जिलों में आसमान में बादल छाए हैं। साथ ही रुक-रुक कर बारिश हो रही है। केदारनाथ की ऊंची चोटियों में हिमपात की सूचा भी है।


 


सामान्य से 50 फीसद अधिक बारिश 


 


उत्तराखंड में इस बार प्री-मानसून में अच्छी बारिश हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार बीते पखवाड़े में बारिश सामान्य से 50 फीसद अधिक रही। दून में पिछले कई दिनों से हर शाम को हल्की बूंदाबांदी हो रही थी। गत रात से देहरादून, मसूरी और आसपास के कुछ इलाकों में जोरदार बारिश हुई।


 


राज्य मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि अगले तीन दिन उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। अधिकांश इलाकों में बारिश व ओलावृष्टि का क्रम बना रहेगा। जबकि, मैदानी इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं।


 


दून के कई इलाकों में गुल रही बिजली


 


शहर में गुरुवार रात को हुई बारिश के कारण कई इलाकों में बिजली गुल हो गई। जिससे लोगों को दिक्कत का सामना करना पड़ा। पथरीबाग क्षेत्र में बारिश शुरू होते ही रात करीब साढ़े आठ बजे बिजली गुल हो गई। दो घंटे बीतने के बाद भी जब बिजली नहीं आई तो लोगों ने ऊर्जा निगम के अधिकारियों को फोन किए, मगर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। टोल फ्री नंबर पर भंडारी बाग सब स्टेशन पर ब्रेक डाउन की जानकारी दी गई।


 


विभिन्न शहरों का तापमान


 


शहर—————–अधितम———-न्यूनतम


 


देहरादून—————33.2————21.2


 


उत्तरकाशी————24.8————18.0


 


मसूरी——————21.2————14.2


 


टिहरी——————23.4————14.4


 


हरिद्वार—————34.8————22.1


 


जोशीमठ—————22.3————13.6


 


पिथौरागढ़————-27.4————16.0


 


अल्मोड़ा—————25.6————14.4


 


मुक्तेश्वर————–18.5————12.9


 


नैनीताल—————22.8————14.0


 


यूएसनगर————-32.0————-24.5


 


चंपावत—————-25.3————12.2


टिप्पणियाँ