रिपोर्ट का इंतजार किए बिना सैलून संचालक ने खोल लिया सैलून, निकला कोरोना पॉजिटिव

 



जोधपुर. शहर के भदवासिया में एक सैलून संचालक के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सोमवार को सैलून खोलने से पहले इसका सैंपल लिया गया था। रात को जांच रिपोर्ट आने से पहले वह करीब 18 से ज्यादा लोगों के बाल काट चुका था। देर रात जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने पर उसे अस्पताल ले जाया गया। अब उससे बाल कटवाने वाले लोगों को तलाश कर उनके सैंपल लिए जा रहे हैं।भदवासिया क्षेत्र में सैलून चलाने वाला व्यक्ति रविवार को अपने गांव से जोधपुर पहुंचा। सोमवार सुबह उसका सैंपल लिया गया। सैंपल देने के बाद रिपोर्ट का इंतजार किए बगैर उसने अपनी सैलून खोल दी। सैलून खुलते ही क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में बाल कटवाने पहुंच गए। बगैर कोई सावधानी बरते उसने 18 से अधिक लोगों के बाल काट दिए।देर रात सैलून संचालक पॉजिटिव पाया गया। सैलून संचालक की यह लापरवाही अब भारी पड़ती नजर आ रही है। उससे बाल कटवाने वाले लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। कुछ लोग जानकारी मिलते ही स्वयं सैंपल देने पहुंच गए, जबकि अन्य लोगों की तलाश की जा रही है। जोधपुर में संक्रमण बेकाबू होता जा रहा है। यहां अब तक 1200 से ज्यादा लोग पॉजिटिव मिल चुके हैं।


टिप्पणियाँ