गुड़ न्यूज़: पौड़ी जिला आगामी वर्षों में रचेगा सेब उत्पादन में नया इतिहास


योगेश भट्ट


यह एक प्रेरक कहानी है। ऐसे बागवान की कहानी, जो इन दिनों सेब की जड़ों को अपनी जड़ों से जोड़ने की कोशिश में है। यह कहानी पहाड़ के बंजर खेतों का ‘हल’ है तो उजड़ते गांवों की उम्मीद। यह एक सुनहरे भविष्य का सपना है, उन कर्मवीरों के लिए मिसाल है, जो मंजिल तक पहुंचने के लिए न पगडंडियां ढूंढते हैं और न किसी बैसाखी का सहारा।कहानी है उत्तराखंड मूल के हिमाचली बागवान विक्रम रावत की, जिनके जुनून और आधुनिक सोच ने उन्हें बैंकर से एक सफल बागवान की पहचान दिलायी। विक्रम हिमाचल प्रदेश में आधुनिक और एकीकृत बागवानी के पर्याय हैं। हिमाचल स्थित उनका क्लासन फार्म आज एकीकृत बागवानी का सफल माडल है। क्लासन फार्म मार्डन एप्पल फार्मिंग में एक विश्वसनीय नाम है। जो न सिर्फ सेब की रूट स्टाक फार्मिंग पर काम कर रहा है, बल्कि सेब की मार्डन फार्मिंग के लिए कंसल्टेंसी भी देता है और अपनी नर्सरी से रूट स्टाक भी उपलब्ध कराता है।


 


विक्रम रावत का क्लासन फार्म और नर्सरी आज बडे़ कारोबार में तब्दील हो चुका है। बाग, बगीचे, बागवानी में नाम विक्रम रावत को विरासत में नहीं मिला, यह सब उन्होंने अपने दम पर खड़ा किया। यह उनकी डेढ़ दशक की मेहनत का परिणाम है। जिस वक्त हिमाचल के विश्वविद्यालयों में कोई हाई डेंसिटी फार्मिंग की सही से जानकारी तक देने वाला नहीं था तब विक्रम रावत ने अपने स्तर पर ही इंटरनेट और दूसरे माध्यमों से जानकारियां जुटाकर हाई डेंसिटी फार्मिंग शुरू की। हिमाचल ग्रामीण बैंक में सेवाएं देते हुए उन्हें लगता था कि किसान को परंपरागत बागवानी से पर्याप्त उत्पादन नहीं मिल रहा है। उन्हें पता था कि दूसरे सेब उत्पादक देशों में काफी पहले रूट स्टाक से सेब उत्पादन हो रहा है। इसलिए उन्होंने पहले सेब के रूट स्टाक मंगाकर किसानों को हाई डेंसटी फार्मिंग के लिए प्रेरित करने कोशिश की, और जब कामयाबी नहीं मिली तो खुद बागवानी करने की ठानी ।


 


ईराक, ईरान, अफगानिस्तान देशों से प्रगतिशील किसान लेने आते है यहां प्रशिक्षण


 


इस काम में उन्हें हौसला मिला अपनी पत्नी से, उनकी पत्नी हिमाचल मूल की हैं। लिहाजा साल 2002 में उन्होंने अपनी पत्नी के नाम से मंडी जिले के करसोग इलाके में तकरीबन ढाई हेक्टेयर बंजर जमीन खरीदी। इस जमीन को साल 2003 से 2009 तक उनके परिवार ने दिन-रात मेहनत कर आबाद किया। अमेरिका से रूट स्टाक मंगाए और हाई डेंसिटी एप्पल फार्म तैयार किया। बकौल विक्रम रावत शुरूआत में गलतियां भी होती रहीं और उन्हें वह सुधारते भी चले गए, मगर न वह रूके और न पीछे मुड़कर देखा। पूरे नौ साल लगे उन्हें क्लासन फार्म को शक्ल देने में, इस बीच कई बार लोगों ने हतोत्साहित करने की कोशिश की लेकिन उन्हें खुद पर पूरा भरोसा था। उसी भरोसे का नतीजा है कि आज ढाई हेक्टेयर के इस फार्म में हाईडेंसिंटी एप्पल की फार्मिंग के साथ ही चेरी, नाशपाती, बादाम आदि फलों का उत्पादन होता है।


 


एप्पल फार्मिंग के साथ ही विदेशी सब्जियां भी उगायी जाती हैं तो साथ में डेरी फार्मिंग भी होती है। क्लासन फार्म में एक फार्म स्टे के साथ ही देशी विदेशी नस्ल की गायें, बकरियां और मुर्गियां भी हैं। फार्म में रेन वाटर हार्वेसटिंग की व्यवस्था है तो वर्मी कंपोस्ट प्लांट और एक मिनी कोल्ड स्टोरेज भी। इस सबके अलावा जो सबसे अहम है वह है सेब की रूट स्टाक नर्सरी। हिमाचल के मंडी जिले में स्थित क्लासन फार्म आज एक हाई डेंसिटी एप्पल फार्मिंग और इंटीग्रेटड फार्मिंग के लिए ट्रेनिंग और कंसल्टेंसी सेंटर बन चुका है। ईराक, ईरान और अफगानिस्तान आदि देशों से प्रगतिशील किसान यहां प्रशिक्षण लेने आते हैं। देश विदेश से लोग यहां फार्म देखने आते हैं। विक्रम रावत प्रगतिशील किसानों को सेब का उत्पादन कैसे बढ़ाएं, इसके ‘मंत्र’ बताते हैं।


 


सेब की खेती से समझाया मुनाफे का गणित


 


क्लासन फार्म में सेब की 54 किस्में हैं, जिसमें से दो किस्म उनकी खुद की तैयार की हुई हैं। एक क्लासन और दूसरी उनके पौड़ी स्थित मूल गांव क्लूण के नाम पर। विक्रम रावत की दो बेटियां हैं दोनों ही अपने माता-पिता के साथ बागवानी में पूरा साथ देती हैं। बड़ी बेटी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुकी है और बागवानी ही करना चाहती है। विक्रम रावत बताते हैं क्लासन फार्म को माडल रूप में तैयार करने में चालीस लोगों के स्टाफ के साथ ही परिवार के सभी सदस्यों की मेहनत रही है। क्लासन फार्म की परंपरा है कि हर त्यौहार या किसी भी खास मौके पर सभी वृक्षारोपण करते हैं। अभी तक उनका परिवार अपने फार्म के आसपास तकरीबन चार हजार देवदार के पौधे लगा चुका है। आज देवदार के यही पेड़ सेब के बगीचे के लिए लाभदायक बने हुए हैं।


 


विक्रम रावत की इस कहानी में अब एक नया अध्याय जुड़ता है। कहते हैं कि हर कामयाब शख्स अपनी कामयाबी के शिखर पर पहुंचकर एक बार अपनी जड़ों की ओर जरूर देखता है। ऐसा ही कुछ विक्रम रावत के साथ भी हुआ। उत्तराखंड के खाली होते गांवों और बंजर जमीन की तस्वीरों ने जब उन्हें अंदर तक झकझोरा तो साल 2016 में उन्होंने अपने गांव का रूख किया। कनेक्टिविटी और जलवायु के लिहाज से सेब उत्पादन के लिए उन्होंने पौड़ी को बेहद मुफीद पाया। सेब उत्पादन की संभावनाओं को देखते हुए उन्होंने गांव के युवाओं को बंजर पड़े खेतों पर सेब की खेती के लिए प्रेरित किया। शुरूआती अनुभव यहां भी उनका बहुत अच्छा नहीं रहा मगर उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। साल 2016 से वह हर साल क्लूण आ रहे हैं, हर बार वह गांव में सेब के पौधे लगवाकर गए, गांव के लोगों को प्रेरित किया, उन्हें सेब की खेती से मुनाफे का गणित समझाया।


टिप्पणियाँ