लाॅकडाउन उल्लंघन में किसी को मुर्गा बनाया तो होगी कार्रवाई


देहरादून। अगर लाॅकडाउन के उल्लंघन में किसी को मुर्गा बनाया या फिर थाना-चैकियों में सफाई करवाई तो पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डीजी कानून व्यवस्था अशोक कुमार ने सभी जिला प्रभारियों को इसके निर्देश दे दिए हैं।


शुक्रवार को समाजसेवी अनिल कक्कड़ ने सीएम पोर्टल और डीजी से शिकायत की थी कि पुलिस लाॅकडाउन के उल्लंघन में लोगों को सरेआम मुर्गा बना रही है। उनकी पिटाई के साथ थाना-चैकियों में खाना बनाने, बर्तन धोने या सफाई के काम में भी उन्हें लगाया जा रहा है।


इनके वीडियो भी सोशल मीडिया में डाले जा रहे हैं, जो मानवाधिकार का भी हनन है। जबकि, य सब पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों की मौजूदगी में हो रहा है। उन्होंने पुलिस पर उत्पीड़न का भी आरोप लगाया। इस शिकायत के बाद पुलिस मुख्यालय हरकत में आया और इसके निर्देश जारी किये गये।



पुलिस कानून के तहत कार्रवाई करे। इस तरह की सजायें देना पूरी तरह से गलत है। सभी जिलों को निर्देश दिए गए हैं कि ऐसा न किया जाये। अगर कोई मामला सामने आया तो संबंधित पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-अशोक कुमार, डीजी कानून व्यवस्था



समाचार स्रोतः हिन्दुस्तान समाचार पत्र // दिनांक 19 अप्रैल 2020


टिप्पणियाँ

Popular Post