श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर छाया होली का उल्लास, कोरोना के खौफ से नहीं डिगी आस्था


मथुरा/ब्रज में होली का उल्लास छाया हुआ है। बरसाना-नंदगांव के बाद मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर होली का आनंद बरस रहा है। रंगभरनी एकादशी पर कार्षि्ण गुरु शरणानंद महाराज ने श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर राधाकृष्ण की युगल जोड़ी की आरती कर होली महोत्सव का शुभारंभ किया। इसके साथ ही परिसर में मौजूद भक्त होली के रंगों में सराबोर होकर झूमने लगे। शुक्रवार सुबह से भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि पर भक्ति के रंगों की ऐसी हिलोरे उठ रही हैं कि मथुरावासियों के साथ देश-विदेश से आए भक्त भी उसमें रंगे हुए नजर आ रहे हैं। हर कोई कान्हा के प्रसादी रंग में रंग गया है। हर ओर रंग बिरंगे उड़ते गुलाल से वातावरण सतरंगी हो गया है। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के होली महोत्सव में कई कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। रावल गांव के हुरियारे और हुरियारिनों ने लठमार होली खेलने आए हैं। इस उत्सव में फूलों की होली के बाद पहली बार सुगंधित द्रव्य की होली खेली जा रही है। कलाकार गीत और नृत्य के बीच होली की प्रस्तुति दे रहे हैं। 


टिप्पणियाँ

Popular Post