सतपुली झील निर्माण पर 56 करोड़ से अधिक की धनराशि खर्च: सतपाल महाराज

 


चौबट्टाखाल : राजकीय डिग्री कॉलेज परिसर में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में पर्यटन, लोक निर्माण, सिंचाई, पंचायतीराज, ग्रामीण निर्माण, जलागम, धर्मस्व एवं संस्कृति मंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक सतपाल महाराज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार राज्य को लोककल्याणकारी बनाने और विकास कार्यों को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

सतपाल महाराज ने बताया कि विधानसभा क्षेत्र चौबट्टाखाल में पिछले तीन वर्षों में 53 किलोमीटर सड़कों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से अधिकांश मार्गों पर कार्य हो चुका है। द्वितीय चरण में 30 किलोमीटर सड़कों पर 26 करोड़ रुपए खर्च किए गए। वहीं, नौ मोटर मार्गों का डामरीकरण 12 करोड़ 85 लाख की लागत से पूरा किया गया। ग्रामीण निर्माण विभाग ने नौ मोटर मार्गों पर 19 करोड़ 41 लाख खर्च किए, जबकि ग्राम्य विकास विभाग ने 116 किलोमीटर लंबे 12 मार्गों पर 65 करोड़ 40 लाख रुपए व्यय किए। गुमखाल से सतपुली तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर 4 अरब रुपए की लागत से कार्य तेज गति से चल रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पेयजल के लिए सात पंपिंग योजनाओं को 1 अरब 53 करोड़ रुपए की स्वीकृति मिली है और ये सभी योजनाएं पूर्णता की ओर हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 56 करोड़ 34 लाख रुपए से सतपुली झील का निर्माण और पर्यटक आवास गृहों का निर्माण अंतिम चरण में है। साथ ही राजकीय महाविद्यालय चौबट्टाखाल में 2 करोड़ 90 लाख रुपए की लागत से बहुउद्देशीय हाल एवं पुस्तकालय भवन का निर्माण कार्य किया जा रहा है।

शिविर के दौरान सतपाल महाराज ने विभिन्न विभागों—जैसे जलागम, उद्यान, पशुपालन, कृषि, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण और बाल विकास—के लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान दिव्यांगों को उपकरण और प्रमाणपत्र वितरित किए गए तथा किसानों को अनुदान प्रमाणपत्र दिए गए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना गया और उपस्थित लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

 

टिप्पणियाँ

Popular Post