लुफ्थांसा एयरलाइन की फ्लाइट रद्द होने से एयरपोर्ट पर यात्रियों का हंगामा



फ्रैंकफर्ट एवं म्युनिक जाने वाली लुफ्थांसा एयरलाइन की फ्लाइट रद्द होने के चलते देर रात एयरपोर्ट पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने टी 3 के गेट संख्या 6-7 के बाहर जाम लगाकर प्रदर्शन किया जिसके चलते अन्य यात्रियों को भी परेशानी होने लगी।

इसकी जानकारी मिलने पर पुलिस एवं सीआईएसएफ की टीम ने यात्रियों को समझाकर वहां से हटाया। जानकारी के अनुसार कल गुरुवार रात लुफ्थांसा एयरलाइन की एक फ्लाइट 2.50 बजे 214 यात्रियों को लेकर फ्रैंकफर्ट जानी थी। वहीं दूसरी फ्लाइट देर रात 1.10 बजे 162 यात्रियों को लेकर म्युनिक जाने वाली थी। रात लगभग 10.15 बजे एयरपोर्ट पर यात्रियों को पता चला कि यह दोनों फ्लाइट रद्द हो गई हैं।

इसके बारे में उन्हें पूर्व में कोई सूचना नहीं दी गई और ना ही किसी दूसरी फ्लाइट का बंदोबस्त किया गया।
इसके चलते एयरपोर्ट पर मौजूद यात्रियों एवं उन्हें छोड़ने आये परिजनों लोगों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने गेट संख्या 6.7 का बाहर बैठकर वहां जाम लगा दिया और नारेबाजी करने लगे। सूत्रों ने बताया कि इस मामले में न तो विमान कंपनी ने यात्रियों के रुपये लौटाये और ना ही उनके ठहरने के लिए किसी होटल का बंदोबस्त किया। इसके चलते यात्रियों का गुस्सा फूट पड़ा और वह चेक.इन एरिया में भी हंगामा करने लगे।

टिप्पणियाँ

Popular Post