आम आदमी पार्टी का उत्तराखण्ड के हर विधानसभा क्षेत्रों में प्रदर्शन, भाजपा,कांग्रेस से पूछे 21 सवाल

 


 देहरादून /  उत्तराखंड स्थापना दिवस पर  आम आदमी पार्टी के कार्यकर्त्ताओं ने प्रदेश के सभी 70 विधानसभा क्षेत्रों में प्रदर्शन किया। भाजपा और कांग्रेस पर प्रदेश को बदहाली के गर्त में धकेलने का आरोप लगाते हुए जनता की तरफ से दोनों राजनीतिक दलों से 21 सवाल भी पूछे। कार्यकर्त्ताओं ने कहा कि राज्य में दोनों दलों की सरकार रही है, बावजूद इसके मूलभूत सुविधाओं के लिए लोग परेशान हैं।

देहरादून में राजपुर रोड विधानसभा क्षेत्र में आप कार्यकर्त्ताओं ने घंटाघर पर एकत्र होकर स्व. इंद्रमणि बड़ोनी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद प्रदर्शन किया। रायपुर विधानसभा क्षेत्र में आप कार्यकर्त्ताओं ने सहस्रधारा क्रासिंग पर एकत्र होकर प्रदेश की समस्याओं से जुड़े 21 सवाल भाजपा और कांग्रेस से पूछे।कैंट विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आप प्रवक्ता रविंद्र आनंद के नेतृत्व में निरंजनपुर मंडी के पास प्रदर्शन किया गया। धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्त्ताओं ने बंगाली कोठी चौक पर शहीद स्मारक में नमन करने के बाद भाजपा और कांग्रेस से सवाल किए।

मंगलवार को आप के प्रदेश सह प्रभारी राजीव चौधरी और कार्यकारी अध्यक्ष अनंत राम चौहान ने प्रदेश कार्यालय में पत्रकार वार्ता में नौ नए विधानसभा प्रभारी घोषित किए। थराली से गुड्डू लाल, नरेंद्र नगर से प्रवीन बंसल, गंगोलीहाट से बबीता चंद, सल्ट से सुरेश चंद्र बिष्ट, लोहाघाट से राजेश बिष्ट, नैनीताल से भुवन चंद्र आर्य, हल्द्वानी से समित टिक्कू और जसपुर से डा. यूनुस चौधरी को विधानसभा प्रभारी नियुक्त किया गया है। अब तक पार्टी की तरफ से कुल 31 विधानसभा प्रभारी घोषित किए जा चुके हैं।

टिप्पणियाँ

Popular Post