आगरा- बूथ के अंदर से बैलेट बाक्स लूट ले गए,झांसी में फाड़े बैलेट पेपर

 


यूपी पंचायत चुनाव के पहले चरण में आगरा और झांसी जिले में बवाल हो गया। आगरा के फतेहाबाद तहसील के रिहाववली मतदान केंद्र प्राथमिक विद्यालय के एक बूथ से उपद्रवी  दो मतपेटिका लूट ले गए। बताया जा रहा है यहां पहले फर्जी वोटिंग को लेकर दो पक्षों के समर्थक आमने-सामने आए थे। इसी दौरान मतपेटी लूट की वारदात हो गई।मतपेटी लूट की जानकारी मिलते ही पुलिस फोर्स सहित जिला अधिकारी और एसएसपी मौके पर पहुंचे।

झांसी में फाड़ डाले बैलेट पेपर : 

झांसी जिले के ककरबई थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव कैरोखर में बनाए गए बूथ संख्या 1, 2 पर जमकर उपद्रव हुआ। मतदान केन्द्र पर रखे बैलेट पेपर फाड़ डाले। कुर्सियां तोड़ डाली। यहीं नहीं आक्रोशित लोगों ने जमकर पथराव किया। जिससे केन्द्र पर अफरा-तफरी मच गई। वहीं कई घंटे मतदान बाधित रहा। घटना के बाद केन्द्र छावनी में तब्दील हो गया। करीब एक घंटे के बाद भारी पुलिस बल की मौजूदगी में दोबारा मतदान शुरू हुआ।  ककरबई के गांव कैरोखर में बूथ नंबर 1 व 2 बनाए गए थे। गुरुवार को भोर से यहां मतदान हुआ। कुछ संख्या में ग्रामीण ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। तभी करीब 11.30 बजे कुछ संख्या में लोग मतदान केन्द्र के अंदर आ गए। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, उन्होंने कर्मचारियों से अभद्रता किया। विरोध करने वह और आक्रोशित हो गए। उन्होंने जमकर बवाल काटा। बेलेट पेपर फाड़ डाले। कर्मचारियों के लिए रखी गई कुर्सियां तोड़ डाली। यही नहीं उन्होंने मतपेटिया उठाने का भी प्रयास किया। उनमे पानी भर दिया। आनन-फानन में केन्द्र पर तैनात फोर्स ने आला अफसरों को खबर की। सूचना पर पहुंचे एसपी ग्रामीण नेपाल सिंह ने पुलिस बल के साथ घटना स्थल का जायजा लिया। वहीं फोर्स ने उपद्रव कर रहे लोगों को खदेड़ डाला।

अन्य जिलों में मतदान जारी
राज्य निर्वाचन आयोग कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चलेगा। इसमें कहा गया है कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत वार्ड सदस्य के दो लाख 21 हजार से अधिक सीटों के लिए तीन लाख 33 हजार से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में हैं। प्रदेश में चार चरणों में होने वाले चुनाव के पहले चरण में अयोध्या, आगरा, कानपुर, गाजियाबाद, गोरखपुर, जौनपुर, झांसी, प्रयागराज, बरेली, भदोही, महोबा, रामपुर, रायबरेली, श्रावस्ती, संत कबीर नगर, सहारनपुर, हरदोई और हाथरस जिलों में मतदान जारी है । पहले चरण में जिला पंचायत सदस्य के 779 पदों के लिए 11442 प्रत्याशी क्षेत्र पंचायत सदस्य के 19313 पदों के लिए 81747 उम्मीदवार, ग्राम प्रधान के 14789 पदों के लिए 114142 प्रत्याशी तथा ग्राम पंचायत वार्ड सदस्यों के 186583 पदों के लिए 126613 उम्मीदवार मैदान में हैं। 
  

टिप्पणियाँ