देहरादून समेत आठ जिलों में हो सकती है भारी बारिश


उत्तराखंड में बारिश का दौर जारी है। गंगा, यमुना, शारदा समेत नदी-नाले उफान पर हैं। मलबा आने से सड़कों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। बदरीनाथ हाईवे लामबगड़ में बदं है, जबकि हाईवे पीपलकोटी, भनारपानी और पागलनाला में सुचारु हो गया है। इसके अलावा देर शाम भूस्खलन के चलते यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी यातायात बाधित हो गया है। कुमाऊं में आज कुछ राहत रही, चीन सीमा को जोड़ने वाला लिपुलेख मार्ग चौथे दिन भी नहीं खोला जा सका। प्रदेश में मलबा आने से 57 सड़कों पर यातायात बाधित है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को देहरादून और नैनीताल समेत आठ जिलों में भारी से भारी बारिश के आसार हैं।


यमुनोत्री हाईवे खोलने में जुटी टीम


उत्तरकाशी में बीते शुक्रवार की शाम को यमुनोत्री हाईवे बंद हुआ, जो अभी तक नहीं खुल पाया है। बीती शाम को जनपद में भारी बारिश हुई थी। जिसके कारण कुथनौर में भूस्खलन हुआ और यमुनोत्री हाईवे बंद हो गया था। बारिश रुकने के बाद एनएच बडकोट खंड की टीम हाईवे खोलने में जुटी हुई है।


पहाड़ों में मानसून के रफ्तार पकड़ते ही दुश्वारियों का दौर शुरू हो गया है। बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त है। पर्वतीय जिलों से लेकर मैदानी इलाकों तक रुक-रुक कर बारिश हो रही है। गुरुवार रात भारी बारिश के दौरान आए मलबे स लामबगड़ , पीपलकोटी , कुहेड़ के पास बदरीनाथ हाईवे भूस्खलन से बंद हुआ । पीपलकोटी के निकट एक ट्राला भी मलबे में दब गया। चालक व हेल्पर ने किसी तरह भाग कर जान बचाई । हालांकि केदारनाथ और गंगोत्री हाईवे पर यातायात सुचारु है।


उधर, कुमाऊं में शुक्रवार को दिनभर बादल छाए रहे। छिटपुट बारिश भी हुई। पिथौरागढ़ जिले में मुश्किलें बरकरार हैं। टनकपुर-तवाघाट हाईवे बंद है। थल-मुनस्यारी मार्ग आठ घंटे बंद रहने के बाद खुला लेकिन रातीगाड़ के पास पहाड़ी में पांच सौ मीटर की ऊंचाई से मलबा गिरने से मार्ग फिर बंद हो गया। जिले में शुक्रवार को 11 सड़कें बंद रहीं। इसी तरह बागेश्वर जिले में 11 सड़कें बंद हैं, जबकि चम्पावत में सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया है।


पेड़ गिरने से युवक की मौत


बारिश के दौरान पेड़ गिरने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। मूलरूप से अमरोहा (उत्तर प्रदेश) ये सभी लोग सिडकुल की एक फैक्ट्री में काम करते हैं। शुक्रवार को एक लोडर में सवार होकर पांचों गंगा स्नान को जा रहे थे। रास्ते में बारिश के दौरान एक पेड़ लोडर पर गिर गया। हादसें में गौरव की मौत हो गई, जबकि मोनू, नितिन, प्रमोद व आलोक घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


विभिन्न शहरों में तापमान


 


शहर—————अधि.—————न्यून.


 


देहरादून———–33.8—————25.2


 


उत्तरकाशी——–26.5—————18.7


 


मसूरी—————25.4—————17.0


 


टिहरी—————25.6—————18.4


 


हरिद्वार————35.3—————26.8


 


जोशीमठ————22.4————-15.5


 


पिथौरागढ़———-28.9—————20.6


 


अल्मोड़ा————26.3—————18.6


 


मुक्तेश्वर———–23.5—————15.1


 


नैनीताल————22.1—————18.0


 


यूएसनगर———-34.4—————26.1


 


चम्पावत———–25.7—————19.2


Source :Agency news 


टिप्पणियाँ

Popular Post