तीन महीने में पूरी हुई ऑनलाइन भर्ती, पहली बार डिजिटल माध्यम से नियुक्ति

 


देहरादून :  उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने मंगलवार को देहरादून जनपद में चयनित 212 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। यह कार्यक्रम वीर माधो सिंह भंडारी तकनीकी विश्वविद्यालय स्थित सभागार में आयोजित किया गया।

महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा हाल ही में प्रदेशभर में 6330 आंगनबाड़ी सहायिकाओं और 722 कार्यकत्रियों की भर्ती पूरी की गई है। यह कुल मिलाकर 7052 नई नियुक्तियां हैं। इस प्रक्रिया की शुरुआत देहरादून जनपद से की गई, जहाँ 17 कार्यकत्रियों और 195 सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे गए। शेष 12 जनपदों में भी जल्द ही इसी तरह के आयोजन किए जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि प्रदेश में पहली बार यह पूरी भर्ती प्रक्रिया ऑनलाइन मोड में और मात्र तीन महीनों के भीतर सफलतापूर्वक पूरी की गई है। उन्होंने इसे पारदर्शिता और त्वरित कार्यप्रणाली का उदाहरण बताया।

रेखा आर्या ने नियुक्त महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा, “आंगनबाड़ी कार्यकत्री और सहायिका का पद सिर्फ रोजगार का अवसर नहीं, बल्कि यह मातृशक्ति के लिए समाज सेवा का बड़ा माध्यम है।” उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने मानदेय में ऐतिहासिक बढ़ोतरी कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के हितों को मजबूत किया है।मंत्री ने इस बात पर भी जोर दिया कि अब विभाग में अधिक शिक्षित महिलाएं आ रही हैं, जिससे निश्चित रूप से विभाग की कार्यकुशलता और प्रभावशीलता में वृद्धि होगी।इस अवसर पर विभाग के उपनिदेशक मोहित चौधरी, डीपीओ जितेंद्र कुमार, डीपीओ एस.के. त्रिपाठी, और सीडीपीओ नीतू फुलेरा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

टिप्पणियाँ

Popular Post