सामूहिक शोक में भाजपा संगठन एकजुट, अगले आदेश तक सभी कार्यक्रम स्थगित
देहरादून : अहमदाबाद एयरपोर्ट से लंदन के लिए उड़ान भरते समय हुए एयर इंडिया विमान हादसे की घटना ने पूरे देश को स्तब्ध कर दिया है। इस दुखद घटना को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संवेदना व्यक्त करते हुए अपने सभी कार्यक्रमों को तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिया है। यह निर्णय भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे पी नड्डा के निर्देश पर लिया गया है।
उत्तराखंड भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट्ट ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने जान गंवाने वाले सभी यात्रियों के लिए श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही उन्होंने हादसे में घायल लोगों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की भी कामना की।
प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री मनवीर सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा केंद्र सरकार के 11 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर पूरे देश में विभिन्न प्रकार के सांगठनिक व जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित कर रही थी। उत्तराखंड में भी इन कार्यक्रमों की श्रृंखला चल रही थी, जिसमें जनता से सीधा संवाद, इन्फ्लुएंसर मीट, प्रेस वार्ताएं, सेवा कार्य और जनसंवाद अभियान शामिल थे।
परंतु, राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा के निर्देशानुसार, विमान दुर्घटना की गंभीरता को देखते हुए पार्टी के सभी कार्यक्रम तत्काल प्रभाव से स्थगित कर दिए गए हैं। जहां कहीं भी कार्यक्रम उस समय चल रहे थे, उन्हें मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित कर यथाशीघ्र समाप्त कर दिया गया है।
चौहान ने बताया कि आज जिला मुख्यालयों में होने वाले शेष "इन्फ्लुएंसर मीट" एवं अन्य सभी जनसंपर्क कार्यक्रम भी रद्द कर दिए गए हैं। यह निर्णय केंद्रीय नेतृत्व की संवेदनशीलता को दर्शाता है, जो राष्ट्र के दुख की घड़ी में भी सामाजिक और मानवीय मूल्यों को सर्वोपरि मानता है।
भाजपा ने स्पष्ट किया है कि अब ये सभी कार्यक्रम केंद्रीय नेतृत्व के अगले निर्देशों तक स्थगित रहेंगे। संगठन के सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करें और आवश्यकता होने पर राहत एवं सहायता कार्यों में प्रशासन का सहयोग करें।
हादसे की गूंज केवल अहमदाबाद या प्रभावित परिवारों तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसने पूरे राष्ट्र के हृदय को झकझोर कर रख दिया है। ऐसे में भाजपा का यह निर्णय न केवल एक राजनीतिक दल की संवेदनशीलता का उदाहरण है, बल्कि यह भी दर्शाता है कि देश के लिए पार्टी की प्राथमिकताएं क्या हैं — पहले जनहित, फिर राजनीति।
टिप्पणियाँ