अपनी गिरफ्तारी पर बोले संजय सिंह,मरना मंजूर,झुकना मंजूर नहीं

 


आम आदमी पार्टी के लिए एक और झटका देते हुए प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली शराब नीति की जांच से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में उसके राज्यसभा सांसद संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार सुबह से ही सांसद के दिल्ली आवास पर तलाशी ली जा रही थी। पार्टी से यह तीसरी बड़ी गिरफ्तारी है। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन को कथित तौर पर उनसे जुड़ी चार कंपनियों के माध्यम से धन शोधन के आरोप में पिछले साल मई में गिरफ्तार किया गया था।

हालाँकि, पार्टी को सबसे बड़ा झटका इस साल फरवरी में लगा, जब दिल्ली के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और अरविंद केजरीवाल के करीबी सहयोगी मनीष सिसोदिया को कथित शराब नीति घोटाले में सीबीआई ने गिरफ्तार कर लिया।दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संजय सिंह की गिरफ्तारी को ग़ैर क़ानूनी बताया है। उन्होंने इसको लेकर एक एक्स पोस्ट किया। केजरीवाल ने लिखा कि संजय सिंह की गिरफ़्तारी बिलकुल ग़ैर क़ानूनी है। ये मोदी जी की बौखलाहट दर्शाता है। चुनाव तक ये कई और विपक्षी नेताओं को गिरफ़्तार करेंगे। संजय सिंह ने अरेस्ट होने से पहले एक वीडियो जारी किया था।

उन्होंने कहा कि मरना मंजूर है, झुकना मंजूर नहीं है। उन्होंने कहा कि मैंने अडानी के घोटालों का खुलासा किया, ईडी के पास शिकायतें की। लेकिन अडानी के ख़िलाफ़ कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि मोदी जी 2024 का चुनाव बुरी तरह हार रहे हैं। वो जुल्म करके, लोगों को जेल में डाल कर जीत नहीं सकते। मैं पहले भी अडनी के घोटालों के खिलाफ बोलता था,आगे भी बोलता रहूंगा।आप सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी पर आप विधायक दुर्गेश पाठक का ने कहा कि संजय सिंह विपक्ष की मजबूत आवाज हैं और वह हर मोर्चे पर मोदी सरकार को बेनकाब कर रहे थे। यह तो सिर्फ शुरुआत है और मुझे लगता है कि 2024 के चुनाव तक ऐसी और गिरफ्तारियां होंगी।

हमें न्यायपालिका पर भरोसा है और जल्द ही हमें न्याय मिलेगा और संजय सिंह बाहर आएंगे। मंत्री आतिशी ने कहा कि यह बीजेपी की हताशा को दर्शाता है। बीजेपी जानती है कि वे आगामी राज्य चुनाव और लोकसभा चुनाव हार जाएंगे। कल वरिष्ठ पत्रकारों पर छापे पड़े और आज संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। यह विपक्ष को चुप कराने की कोशिश है। हम ऐसा नहीं करेंगे। देश के संविधान को बचाने के लिए लड़ते रहेंगे। इंडिया गठबंधन एक साथ खड़ा है और संविधान को बचाने के लिए लड़ता रहेगा। राजद सांसद मनोज झा ने कहा कि संजय सिंह को ईडी ने गिरफ्तार नहीं किया है, उन्हें बीजेपी की इकाई ने गिरफ्तार किया है जिसमें ईडी.आईटी.सीबीआई शामिल है।

काले दिन शुरू हो गए हैं,तानाशाही के इस युग में जो डर गया वो मर गया। तानाशाह खुद डरे हुए हैं। इस डर का जल्द ही प्रतिकार किया जाएगा। जेडीयू नेता केसी त्यागी ने कहा कि सरकार के निर्देश पर जांच एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। मैं संजय सिंह की गिरफ्तारी की निंदा करता हूं,दिल्ली सरकार और आप को बदनाम करने के लिए यह कार्रवाई की गई है। हमारा रुख है स्पष्ट है कि हम एजेंसियों के खिलाफ नहीं हैं बल्कि एजेंसियों के दुरुपयोग के खिलाफ हैं। संजय सिंह की मां राधिका सिंह ने कहा, ‘‘एक निर्दोष व्यक्ति को इस प्रकार से गिरफ्तार करना गुनाह है। मेरा बेटा निर्दोष है, इतना ईमानदार लड़का मैंने नहीं देखा है । ये सारे आरोप बेबुनियाद हैं।’’

टिप्पणियाँ