खोखला है केन्द्र सरकार का विकास मॉडल: हरीश रावत

 


देहरादून: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने देश के आर्थिक हालातों पर केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि जो विकास का मॉडल केंद्र ने दिखाया वह खोखला साबित हुआ है। भाजपा सरकार ने 2014 से पहले आर्थिक सुधार को लेकर जनता को भ्रमित किया है। रावत ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आई तो आर्थिक न्याय पर कार्य करेगी। केंद्र और राज्य सरकार अप्रत्यक्ष रूप से आरक्षण को खत्म कर रही है।

सरकारी पदों को ना भरना भी आरक्षण को खत्म करना ही है। भाजपा सरकार के खिलाफ संघर्ष के लिए पार्टी मुद्दे तय करेगी और अन्य विषयों को भी शामिल करेगी। उन्होंने कहा एक मुद्दा अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने को लेकर है। महिला, दलित और किसानों के स्वाभिमान की लड़ाई अब कांग्रेस लड़ेगी।

रोजगार को लेकर सरकार पर दबाव और सुझाव दोनों विषयों पर काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजपा सारी सभ्यताओं का प्रतीक खुद को बताती है। हाल ही में रमेश बिधुड़ी का संसद में जो व्यवहार देखने को मिला उसके बाद उन पर हेट स्पीच का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। उन्होंने भाजपा से ऐसे नेता को निष्कासित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी।

टिप्पणियाँ