सिरमौर: बादल फटने से मकान ढहा, 5 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका

 


नाहन: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बादल फटने से एक गांव में पानी घुस गया और इस दौरान एक मकान ढह गया। मकान के मलबे में एक ही परिवार के पांच लोगों के दबे होने की आशंका है। अधिकारियों ने आज बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बादल फटने की यह घटना जिले के पोंटा साहिब क्षेत्र में हुई।

उन्होंने बताया कि मलागी दादियात गांव के कई घरों में पानी घुस गया है और इनमें से ही एक घर अचानक ढह गया। अधिकारियों ने बताया कि मलबे में एक की परिवार के पांच लोगों के दबे होने की आशंका है। राज्य आपातकालीन केंद्र की ओर से बताया गया कि मलागी दादियात में मकान आदि को भारी नुकसान हुआ है और लोक निर्माण विभाग में काम करने वाले कुलदीप सिंह का घर ढह गया।

अधिकारियों ने बताया कि मलबे में कुलदीप सिंह, उनकी पत्नी जीतो देवी समेत पांच लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव अभियान जारी है। बादल फटने के बाद पोंटा को शल्लाई से जोड़ने वाले राष्ट्रीय राजमार्ग.707 का एक हिस्सा अवरुद्ध हो गया,जिसके कारण प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को प्रभावित गांव तक पहुंचने में मुश्किलें आ रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि राजबन और सतौन के बीच भी सड़क अवरुद्ध हो गई है और गिरि नदी का जलस्तर बढ़ गया है। उन्होंने बताया कि बचाव अभियान के लिए प्रशासन ने एनडीआरएफ से भी मदद मांगी है।

टिप्पणियाँ