कांग्रेस के संकल्प सत्याग्रह के बाद भाजपा की उल्टी गिनती शुरू : महर्षि

 


देहरादून : वरिष्ठ कांग्रेस नेता और पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने आज कहा कि पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ एकजुटता व्यक्त करने के लिए रविवार को संकल्प सत्याग्रह से देशभर में पार्टी मजबूत हुई है।यह सत्याग्रह नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ,प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा सहित पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ,पूर्व अध्यक्ष विधायक प्रीतम सिंह ,गणेश गोदियाल की अगुवाई में विभिन्न स्थानों पर हुआ।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का मुंह बन्द करने की कोशिश से देश उठ खड़ा हुआ है और इसके साथ ही भाजपा के पतन की उल्टी गिनती भी शुरू हो गई है।

उत्तराखंड के कांग्रेसजनों के साथ जनता ने भी इसकी पटकथा लिख दी है।महर्षि ने कहा कि रविवार को पूरे देश की भांति कांग्रेस के साथ उत्तराखंड की जनता ने भी अपनी राय जाहिर कर सीधा संदेश दे दिया कि लोकतंत्र को कुचलने की छूट किसी को नहीं दी जा सकती। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने सिर्फ सवाल ही तो पूछा था, उन्हें लोकसभा से बेदखल करने की भाजपाई जितना प्रसन्न हो जाएं, उनकी प्रसन्नता ज्यादा देर तक टिकने वाली नहीं है।महर्षि ने कहा कि सच यह है कि राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता को देख भाजपा डर गई है।

इसी कारण वह भाजपा मनमानी पर उतर आई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की सदस्यता रद्द कर भाजपा ने दिखा दिया है कि देश में लोकतंत्र नाम की कोई चीज शेष नहीं रह गई है। राहुल गांधी संसद में अपनी बात रखना चाहते वह गौतम अडानी पर स्पष्टता चाहते थे क्योंकि भाजपा आरोप लगा रही थी कि विदेशों में राहुल गांधी ने देश को नीचा दिखाया है लेकिन उनकी आवाज को दबाने के लिए लोकसभा सदस्यता रद्द करने का हथकंडा अपनाया गया जबकि अदालत ने खुद उन्हें तीस दिन की मोहलत दी थी।उन्होंने कहा की राहुल गांधी ने कोई ऐसा काम नहीं किया जिससे इतनी जल्दी उसकी सदस्यता रद्द कर दी जाए।

महर्षि ने कहा कि आज देश में महंगाई चरम सीमा पर है लेकिन सरकार का ध्यान उसकी तरफ नहीं है। सिर्फ राहुल गांधी को टारगेट बनाया जा रहा है, क्योंकि आने वाले 2024 के चुनाव में राहुल गांधी की बढ़ती लोकप्रियता से भाजपा को सिंहासन छिन जाने का खतरा महसूस होने लगा था। उन्होंने कहा कि आज के संकल्प सत्याग्रह से यह सिद्ध हो गया है कि कांग्रेस नए सिरे से संघर्ष कर अहंकारी और जनविरोधी भाजपा को उखाड़ फेंक डालेगी। जनता के मुद्दों को उठाने के लिए कांग्रेस पार्टी प्रतिबद्ध है।

टिप्पणियाँ

Popular Post